नोएडा। मंगलवार को फैडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (फोनरवा) की कार्यकारिणी समिति की बैठक हुई। बैठक में समिति द्वारा अन्य विषयों के साथ-साथ यह निर्णय लिया गया कि 15 मार्च को फोनरवा, विभिन्न आरडब्ल्यूए तथा नोएडा प्राधिकरण के सहयोग से नोएडा शहर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
इस अभियान में शहर के विभिन्न सेक्टरों की आरडब्ल्यूए सक्रिय रूप से भाग लेंगी। पुलिस विभाग एवं प्रशासन से भी कहा गया है कि वे पुलिस चौकियों, थानों तथा अन्य सरकारी कार्यालयों में भी स्वच्छता अभियान चलाकर इस पहल को सफल बनाने में सहयोग करें ।
फोनरवा के महासचिव केके जैन ने बताया कि फोनरवा द्वारा समय-समय पर नोएडा की विभिन्न आरडब्ल्यूए के सहयोग से स्वच्छता एवं साफ-सफाई को लेकर जागरूकता अभियान चलाए जाते रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराना तथा स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ नोएडा के निर्माण में जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि
इस अभियान के अंतर्गत शहर के विभिन्न सेक्टरों, आवासीय सोसायटियों, बाजारों, पार्कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष साफ-सफाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों को कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक के कम उपयोग तथा सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के लिए भी जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान न केवल शहर की स्वच्छता को बेहतर बनाएगा, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता के प्रति दीर्घकालिक जागरूकता भी विकसित करेगा। बैठक में नोएडा के विभिन्न आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष व पदाधिकारी शामिल हुए।
टिप्पणियां