नोएडा। देश और विदेशों में क्रूज शिप पर नौकरी दिलाने के नाम धोखाधड़ी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय रैकेट का थाना सेक्टर-113 पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सेक्टर-73 स्थित एंथूरियम बिजनेस पार्क में छापेमारी कर
एक फर्जी रिक्रूटमेंट सेंटर से 2 पुरुषों और 4 महिलाओं समेत कुल 6 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह सोशल मीडिया पर लुभावने विज्ञापन देकर बेरोजगार युवाओं को अपना शिकार बनाता था। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 7 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, 5 मॉनिटर, 5 कीबोर्ड, 5 सीपीयू, 04 माउस, 1 राउटर, 2 मोहर, 2 चेकबुक, 2 सिम कार्ड, 1 एटीएम कार्ड तथा अन्य दस्तावेज बरामद किया है।
एडिशनल डीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर-113 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस व गोपनीय सूचना की सहायता से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर देश-विदेश में क्रूज आदि में नौकरी दिलाने का "WE ARE HIRING" नामक पेड एड (विज्ञापन) चलाकर धोखाधड़ी करने वाले 6 अभियुक्त सरीम खान पुत्र नफीस अहमद, शोएब खान पुत्र नजररुद्दीन, रितिका पुत्री राजीव गुप्ता, मन्तसा अब्बासी पुत्री इकबाल अहमद, फातिमा पुत्री गुलाम गोस सिद्दकी तथा खुशी उर्फ खुशबू पुत्री शकूर खां को एंथूरियम बिजनेस पार्क सेक्टर-73 नोएडा से गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस की गिरफ्त में आये सभी अभियुक्त अंतरराष्ट्रीय ठग रैकेट के सदस्य है जो देश-विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं को अपना शिकार बनाता है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान अभियुक्त सरीम खान व शोएब खान द्वारा बताया गया कि वे रिक्रूटमेंट सेंटर RECRUITE SERVICE कम्पनी के फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर "WE ARE HIRING" के पेड एड चलाकर इच्छुक लोगों से फॉर्म भरवाते और उनकी डिटेल्स लेकर देश-विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 40 से 60 हजार रुपये वसूलते थे। इसके बाद फर्जी जोइनिंग लेटर ईमेल के माध्यम से भेजकर धोखाधड़ी करते थे। इस काम के लिए उन्होंने एंथूरियम बिजनेस पार्क, सेक्टर-73, नोएडा में एक ऑफिस किराए पर लिया था, जहां उनके अन्य साथी भी मौजूद रहते थे। उन्होंने बताया कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों को पुलिस तलाश कर रही है।
टिप्पणियां