नोएडा। नोएडा के ग्राम गढ़ी चौखंडी सेक्टर-68 में नोएडा लोक मंच द्वारा संचालित संस्कार अध्ययन केंद्र में एसएल फाउंडेशन के चेयरपर्सन रेवा नैय्यर (सेवानिवृत्त आईएएस) के सम्मान में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संस्कृति की परंपरा के अनुरूप गणेश वंदना व राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् से किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें नृत्य, नाटक और कविता पाठ शामिल थे। इस अवसर पर नोएडा लोक मंच के महासचिव महेश सक्सेना ने रेवा नैय्यर को स्मृति-चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान उनके साथ कोषाध्यक्ष विभा बंसल, आरएन श्रीवास्तव तथा अन्य लोग उपस्थित रहे।
वहीं शिक्षा समिति की लीका सक्सेना ने रेवा नैय्यर का स्वागत करते हुए उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया तथा बच्चों द्वारा बनाई गई सुंदर पेंटिंग भेंट की। इस मौके पर रेवा नैय्यर ने कहा कि वे नोएडा लोक मंच को छोड़कर कहीं नहीं जा रही हैं और हमेशा इस परिवार के साथ जुड़ी रहेंगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि आवश्यकता पड़ने पर वे हर समय सहयोग के लिए उपलब्ध रहेंगी।
इस कार्यक्रम में नोएडा लोक मंच के महासचिव महेश सक्सेना, कोषाध्यक्ष विभा बंसल, आरएन श्रीवास्तव, प्रदीप वोहरा, आशु सक्सेना, राजेश्वरी त्यागराजन, इंद्रा चौधरी, सुनीता खटाना, लाल सिंह, इनर व्हील की अध्यक्ष, लीका सक्सेना, मुक्ता गुप्ता, मीना शर्मा, अनीता सक्सेना, लक्ष्मी नेगी, लुबना सहित अन्य उपस्थित रहे।
टिप्पणियां