नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ऊंची इमारतों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा एक बार फिर सवालों के घेरे में है। यहां की रॉयल नेस्ट सोसाइटी के एक फ्लैट में अचानक छत का प्लास्टर गिरने से हड़कंप मच गया। घटना के समय एक युवक उसी कमरे में बैठकर काम कर रहा था। जिसकी जान बाल-बाल बच गई। वहीं उसका मोबाइल फोन और लैपटॉप चकनाचूर हो गया। इस घटना की एक वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर वायरल हो रही है
जानकारी के अनुसार ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रॉयल नेस्ट सोसाइटी के एक फ्लैट में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कमरे की छत के प्लास्टर का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभरा कर नीचे गिर पड़ा। हादसा इतना भयानक था कि जिस जगह प्लास्टर गिरा, वहां पर एक युवक बैठकर अपने ऑफिस का काम कर रहा था। गनीमत रही कि मलबे की चपेट में आने से युवक बच गया, लेकिन उसकी मेज पर रखा लैपटॉप और मोबाइल फोन पूरी तरह चकनाचूर हो गए।
हादसे के तुरंत बाद पीड़ित युवक ने घटना का वीडियो बनाकर अपनी आपबीती सोशल मीडिया के माध्यम से सुनाई। अब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह छत का एक बड़ा हिस्सा गिरकर कमरे में फैला हुआ है। युवक ने वीडियो के जरिए बिल्डर द्वारा किए गए निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं और अपनी सुरक्षा को लेकर डर जाहिर किया है। इस मामले को लेकर सोसायटी में रहने वाले अन्य लोगों में भय व्याप्त है।
टिप्पणियां