नोएडा। नोएडा में आज से तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का आयोजन विकसित उत्तर प्रदेश-विकसित भारत की थीम पर शुरू हुआ। इसमें प्रदेश की सांस्कृतिक, सामाजिक और विकासात्मक उपलब्धियां देखने को मिल रही है। उत्तर प्रदेश दिवस का उद्घाटन सांसद एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री डा. महेश शर्मा रबन काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर विधिवत रूप से किया।
सेक्टर-33ए स्थित शिल्प हाट में तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश दिवस-2026 के शुभारंभ के दौरान सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध संस्कृति एवं सतत विकास यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज विकास, सुशासन एवं नवाचार के पथ पर निरंतर अग्रसर है। प्रदेश में उद्योग, सूचना प्रौद्योगिकी, स्टार्टअप, पर्यटन, शिक्षा एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जिसका लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस जैसे आयोजन प्रदेश की लोककला, शिल्प, सांस्कृतिक विविधता एवं प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ युवाओं, महिलाओं एवं उद्यमियों को प्रेरित करने का कार्य करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस तीन दिवसीय आयोजन के माध्यम से प्रदेश की विकासात्मक योजनाओं, निवेश संभावनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रति आमजन में जागरूकता और सहभागिता और अधिक सुदृढ़ होगी।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इस तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश दिवस-2026 कार्यक्रम का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और शिल्प, कला, संस्कृति तथा प्रदेश की विकासात्मक उपलब्धियों का आनंद लें।
इस मौके पर जनसामान्य को मतदाता शपथ दिलाई गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में जनपद के 15 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना, ऑपरेशन सिंदूर विषय पर आधारित प्रस्तुति, जय हिंद की सेना जैसे देशभक्ति कार्यक्रम, शास्त्रीय संगीत एवं लोकनृत्य पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी। विद्यार्थियों व रागिनी गायक ब्रह्मपाल नागर की प्रस्तुतियों में देशभक्ति, सांस्कृतिक चेतना एवं सामाजिक संदेश की स्पष्ट झलक देखने को मिली।
यूपी दिवस में एक जनपद एक उत्पाद, स्टार्टअप, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मिशन शक्ति, पर्यटन, कला व संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहरों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित लगभग 120 आकर्षक स्टॉल लगाए गए है। जिनमें नोएडा प्राधिकरण, कृषि विभाग, स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद, जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा महिला और बाल सुरक्षा, हेल्पलाइन सेवाएं, मिशन शक्ति अभियान, शिक्षा विभाग, दिव्यांगजन योजनाएं, स्वास्थ्य, स्वच्छता, ग्रामोद्योग आदि विभागों की प्रदर्शनी शामिल हैं।यहां तीन दिनों तक सांस्कृतिक, साहित्यिक, सामाजिक और विकासपरक गतिविधियां आयोजित होंगी।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा, विधायक दादरी तेजपाल सिंह नागर, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, यमुना प्राधिकरण के एसीईओ राजेश सिंह, ग्रेटर नोएडा एसीईओ वंदना त्रिपाठी, सीडीओ डॉ शिवकांत द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, ओएसडी नोएडा प्राधिकरण अरविंद कुमार, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, उपायुक्त उद्योग अनिल कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, सहायक विकास अधिकारी सहकारिता आलोक रंजन सहित अन्य मौजूद रहे।