नोएडा । नोएडा प्राधिकरण द्वारा सेक्टर-33ए शिल्पहाट स्थित शिवालिक पार्क में 38वें वार्षिक नोएडा पुष्प प्रदर्शनी 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस बार यह पुष्प प्रदर्शनी चार दिवसीय होगी। जो 19 से 22 फरवरी तक चलेगी। इस दौरान विभिन्न प्रकार के प्रतियोगिताओं और भव्य कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा।
एक प्रेस वार्ता के दौरान नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ वंदना त्रिपाठी ने बताया कि नोएडा प्राधिकरण द्वारा सेक्टर-33ए शिल्पहाट स्थित शिवालिक पार्क में 38वें वार्षिक नोएडा पुष्प प्रदर्शनी 2026 का आयोजन किया जाएगा। जिसका उद्घाटन 19 फरवरी को सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. महेश शर्मा, विधायक नोएडा पंकज सिंह के कर कमलो द्वारा 39वीं वाहिनी आईटीबीपी बैंड की टीम द्वारा प्रस्तुत प्रस्तुतिकरण के साथ किया जायेगा जो की पुष्प प्रदर्शनी में आये जनमानस को हर्ष उल्लास से भर देगा। उन्होंने बताया कि इस बार यह पुष्प प्रदर्शनी चार दिवसीय होगी। 19 से 22 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाली पुष्प प्रदर्शनी में उत्तर रेलवे, नई दिल्ली म्यूनिसिपल कोर्पोरेशन, दक्षिणी दिल्ली म्यूनिसिपल कोर्पोरेशन, भारतीय थल सेना, कोटा हाउस, भारत पेट्रोलियम, एलजी, एडोब सिस्टम, एनआईआईटी, दिल्ली पब्लिक स्कूल, यमुना एक्सप्रेस-वे प्राधिकरण, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण सहित अन्य संस्थाएं उत्सव में प्रतिभाग करेंगे।
उन्होंने बताया कि 38वें वार्षिक नोएडा पुष्प प्रदर्शनी 2026 में विभिन्न प्रजातियों के फूलों द्वारा तैयार आकृतियों मुख्य आकर्षण का केन्द्र होंगी। जिसमें विश्व प्रसिद्ध उत्तराखंड में स्थित केदारनाथ मन्दिर का फूलों द्वारा निर्मित 30 फीट एवं 40 फीट उँचाई का मॉडल तैयार किया जायेगा। मुख्य द्वार आर्च जोकि केदारनाथ मंदिर के थीम पर आधारित होगा जिसकी लम्बाई 22 फीट, एवं 25 फीट उँचाई होगी। त्रिशुल, डमरू एवं नन्दी जो की केदार मन्दिर के सामने स्थापित किया जायेगा। एसीईओ ने बताया कि सिर्फ मंदिर ही नहीं, बल्कि इस शो में फूलों और सब्जियों से बनी कई अन्य आकृतियां भी देखने को मिलेंगी, करेले से बना 6 फीट का हाथी भगवान बुद्ध, कमल का फूल, मटका फ्लो और ढोलक शेप की बास्केट फ्लोरल रेप्लिका भी आकर्षक का केंद्र होगे. मुख्य पाथवे को 7 फीट की बास्केट और पॉट्स से सजाया जाएगा।
एसीईओ ने बताया कि पुष्प प्रदर्शनी के दौरान
21 फरवरी को पुष्प प्रदर्शनी में भाग लेने वाली विभिन्न संस्थाओं को उनके द्वारा तैयार किये गये गार्डनों को सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं अन्य नोएडा के चयनित अधिकारियों द्वारा जज किये जाने के आधार पर पुरस्कार वितरण किया जायेगा। 22 फरवरी को विभिन्न स्कूली बच्चों के बीच चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। जिससे बच्चों का उत्साहवर्धन हो सके। समापन समारोह में कवि सम्मेलन आयोजित किया जायेगा।
प्रेस वार्ता के दौरान महाप्रबन्धक (सिविल) एके अरोडा, निदेशक (उद्यान) आनन्द मोहन सिंह सहित नोएडा प्राधिकरण के अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।
टिप्पणियां