नोएडा फ्लाईओवर हादसा: श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटी, दो की मौत, 16 घायल
नोएडा। नोएडा के थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के हिंडन पुल और एफएनजी एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाले फ्लाईओवर पर श्रद्धालुओं से भरा वाहन रेलिंग से टकराकर पलट गया। इसमें बैठे छह लोग उछलकर पुल से नीचे गिर गए। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। 16 घायल हैं, सभी हिंडन में मूर्ति विसर्जित कर लौट रहे थे। तीन की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई हैं। घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है।
सहायक पुलिस आयुक्त ट्विंकल जैन ने बताया कि थाना पिकअप सवार सभी लोग मूलरूप से पश्चिम बंगाल के निवासी हैं। उन्होंने काली मां की मूर्ति की स्थापना की थी जिसका विसर्जन करने के लिए रविवार को गए थे। लौटते वक्त बिसरख पुल पार करके पिकअप एफएनजी एक्सप्रेसवे की तरफ आ रहा था। इस दौरान दूसरी तरफ से विपरीत दिशा में वाहन आ गया। इससे पिकअप बेकाबू होकर पुल की रेलिंग से टकरा गया। घटना के बाद मौके पर शोरगुल मच गया। वाहन से नीचे गिरने के बाद घायल हुए लोग रो रहे थे और मदद मांग रहे थे। यह देखकर एफनजी और बिसरख पुल रोड से गुजर रहे राहगीर भी ठहर गए। इससे कुछ देर के लिए मौके पर भीड़ भी जुट गई। पुलिस ने घायलों को बिसरख, नोएडा व आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया।
मौके पर मौजूद शिवकुमार ने बताया कि वह मूलरूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले। उनके साथ कई परिवार सेक्टर-73 सर्फाबाद में किराये पर रहते हैं। वे अलग-अलग काम करते हैं। मां काली पूजा करने के लिए लोगों ने मूर्ति स्थापित की थी। इसे विसर्जन करने के लिए हिंडन नदी पर गए थे। पिकअप में पीछे बैठे दुर्जन, वासुदेव, राकेश, सुखलाल, विश्वजीत और सयन नाम का एक बच्चा पुल से नीचे गिर गया।
पिकअप के नीचे शांती, मानवी, अंजलि, रंजित के साथ अन्य लोग दब गए। उन्होंने बताया कि उपचार के दौरान दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि तीन की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि सूचना के आधार पर थाना-113 की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस आवश्यक कार्यवाही कर रही है।
