नोएडा। ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र से अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति की कार का शीशा तोड़कर उसमें रखा हुआ कीमती लैपटॉप, नकदी, सोने की अंगूठी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि सचिन मिश्रा पुत्र अशोक मिश्रा निवासी निराला एस्टेट सोसायटी ग्रेटर नोएडा वेस्ट ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपनी कार में सवार होकर एक मूर्ति चौक के पास गए थे। उन्होंने अपनी कार सड़क किनारे खड़ी की तथा वह एक चश्मे की दुकान में चश्मा बनवाने चले गए। जब वह वापस आए तो उन्होंने देखा कि अज्ञात बदमाशों ने कार का शीशा तोड़कर कार में रखा हुआ लैपटॉप, 4 हजार रुपए नकद, सोने की अंगूठी, डेबिट कार्ड , क्रेडिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, घर की चाबियां आदि चोरी कर ली है।
थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि एक अन्य मामले में अभय नामक शख्स ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि अज्ञात बदमाशों ने उसकी मोटरसाइकिल कृष्ण काउंटी सोसाइटी के पास से चोरी कर ली है। पीड़ित के अनुसार उन्होंने अपनी बाइक सोसाइटी के पास खड़ी की थी। किसी काम से वह चले गए थे, जब वह वापस आए तो उन्होंने देखा कि अज्ञात बदमाशों ने बाइक चोरी कर ली है। उन्होंने बताया कि दोनों घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
टिप्पणियां