बिहार में ठंड की दस्तक: नवंबर में सुहाना मौसम, दिसंबर से कांप उठेगा उत्तर भारत
Bihar News: बिहार में नवंबर की शुरुआत हल्की ठंड के साथ हुई है। सुबह-शाम की शीतलता और हल्की धुंध ने सर्दी की दस्तक दे दी है। हालांकि, फिलहाल मौसम सुहाना बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिसंबर के दूसरे सप्ताह के बाद ठंड अपने चरम पर पहुंचेगी। ला-नीना का असर कमजोर पड़ने से अभी ठंड सामान्य रहेगी। नवंबर में दिन का तापमान 22 से 28 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 18 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
नवंबर रहेगा ‘सॉफ्ट विंटर’ का महीना
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. वीरेंद्र कुमार के अनुसार, नवंबर में दिन का तापमान 22–28°C और रात का 18–22°C के बीच रहेगा। सुबह के समय हल्की धुंध के कारण दृश्यता 500–800 मीटर तक सीमित रह सकती है। अगले 10–12 दिनों में उत्तर-पश्चिमी हवाओं की सक्रियता बढ़ने से रात के तापमान में 2–3 डिग्री तक गिरावट संभव है।
पारा जा सकता है 5 डिग्री तक
आईएमडी के दीर्घकालिक पूर्वानुमान के अनुसार, दिसंबर मध्य से लेकर जनवरी के अंत तक ठंड अपने चरम पर होगी। कई दिनों में न्यूनतम तापमान 10°C से नीचे जा सकता है, जबकि कुछ रातों में यह 5°C तक लुढ़कने की संभावना है। ग्रामीण क्षेत्रों में सर्दी का असर और तीव्र महसूस होगा, क्योंकि वहां खुली हवाएं और नमी ज्यादा होती है।
उत्तर-पश्चिमी हवाएं और बर्फबारी बनेंगी ठंड बढ़ने की वजह
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस साल उत्तर-पश्चिमी हवाएं सामान्य से अधिक मजबूत होंगी और पहाड़ी इलाकों में सामान्य से ज्यादा बर्फबारी की संभावना है। वातावरण में नमी और प्रदूषण भी ताप को रोकेंगे, जिससे सर्दी का असर अधिक महसूस होगा। नवंबर केवल ठंड की शुरुआती दस्तक है- दिसंबर और जनवरी में असली ठिठुरन देखने को मिलेगी।
खेती के लिए अनुकूल मौसम
दिसंबर मध्य से जनवरी तक लोग अलाव, स्वेटर और रजाई की शरण में दिखेंगे। मौसम विभाग के संयुक्त निदेशक सी.एन. प्रभु के अनुसार, इस बार मानसून संतोषजनक रहा है और अब ठंड का मौसम भी ससमय रहेगा। ठंड लंबी नहीं चलेगी, परंतु इसका असर तीव्र रहेगा। यह मौसम खेती-किसानी के लिए भी अनुकूल रहने वाला है।
