सपा के स्टार प्रचारकों की सूची में शिवपाल यादव-रामगोपाल का नाम नहीं, 40 नेताओं के नाम तय


सूची में प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, महाराष्ट्र के प्रदेश अध्यक्ष अबु आसिम आजमी, पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान, स्वामी प्रसाद मौर्य, इन्द्रजीत सरोज, लालजी वर्मा, राम अचल राजभर, रामगोविन्द चौधरी, माता प्रसाद पाण्डेय, भगवत सरन गंगवार, दुर्गा प्रसाद यादव और नफीस अहमद भी शामिल हैं। 40 स्टार प्रचारकों में 20 विधायक शामिल हैं। उपचुनाव 23 जून को होंगे और मतगणना 26 जून को होगी।
शिवपाल सिंह यादव वर्तमान में इटावा जिले के जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। उन्होंने पहले अपनी पार्टी बना ली थी, लेकिन विधानसभा चुनाव 2022 से पहले सपा के चुनाव चिह्न पर ही चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। हालांकि चुनाव परिणाम के बाद शिवपाल और अखिलेश यादव के बीच मतभेद बढ़ गए।
दरार तब और बढ़ गई थी, जब 26 मार्च को सपा के नव निर्वाचित विधायकों की बैठक में शिवपाल को आमंत्रित नहीं किया गया। इसके बाद उन्होंने विपक्षी गठबंधन की बैठक में भी हिस्सा नहीं लिया। 31 मार्च को शपथ लेने के बाद शिवपाल लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास पहुंचे, जिससे उनके राजनीतिक रुख को लेकर अटकलें तेज हो गईं।
कुछ माह पहले शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा के साथ बढ़ती दोस्ती के संकेत दिए थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ट्विटर पर फॉलो करना भी शुरू कर दिया था।
