'पाक के खिलाफ मैच पर ही क्यों फूटते हैं पटाखे,' पप्पू यादव ने बीसीसीआई पर लगाए पाकिस्तान के नाम पर राजनीति करने के आरोप
नई दिल्ली। बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद और कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले विश्व कप मुकाबले को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच पर ही पटाखे फूटते हैं, जो समझ से बाहर है। उन्होंने भारतीय क्रिकेट बोर्ड बीसीसीआई पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। पप्पू यादव ने कहा, "दिल सबको साफ रखना चाहिए। बीसीसीआई पाकिस्तान के नाम पर राजनीति करती है और पैसे कमाती है। अगर मैच सौहार्द के लिए हो या दिल की गहराइयों के रिश्ते के लिए हो, जैसे दुनिया मैच का आनंद लेती है, वैसे ही लिया जाए।"
कांग्रेस नेता ने आगे कहा, "मैच के मुद्दों पर भी नफरत की राजनीति शुरू हो जाती है। इस पर भी हिंदू-मुसलमान होने लगता है। पटाखे फूटने चाहिए और यह अच्छी बात है, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ मैच हो तभी पटाखे फोड़े जाएं, यह समझ नहीं आता है।" हालांकि, पप्पू यादव ने यह भी कहा कि भारत के सामने पाकिस्तान की कोई हैसियत नहीं है। वह हमारे एक राज्य के बराबर भी नहीं है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट की पहचान कहीं से भी शुरू हुई हो, लेकिन आज इसकी पहचान सिर्फ भारत के क्रिकेट से है। भारत-अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर भी पप्पू यादव ने सवाल उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि भारत का सारा डेटा अमेरिका को दिया जा रहा है। ऐसी क्या मजबूरी है कि सरकार किसानों की पूरी जिंदगी को खत्म करने की कोशिश कर रही है? सांसद ने कहा, "भारत को गिरवी रखा जा चुका है, लेकिन इसके खिलाफ अब बड़ी क्रांति की जरूरत है।" पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने बिहार की कानून व्यवस्था पर कहा, "सम्राट चौधरी (राज्य के गृह मंत्री) से एक आग्रह करूंगा कि रतौंधी की बीमारी अगर नहीं हुई है तो बड़बोलापन छोड़कर साइलेंट काम करिए। आप पहले बच्चियों को बचा लीजिए। प्रतिदिन जो घटनाएं हो रही हैं, उन्हें देख लीजिए। जाति विशेष को गाली-गलौज करना बंद कीजिए। अपराधी अपराधी होते हैं। राजनीतिक साजिश रचना बंद कीजिए।" उन्होंने कहा, "सबकुछ मेरे पास है। वक्त आने पर मैं पत्ते खोलूंगा। हम सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे, इनसे डरेंगे नहीं। जितनी लड़ाई होगी, लड़ेंगे।"
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां