केजरीवाल ने गुजरात की भाजपा सरकार पर साधा निशाना, बोले अगले चुनाव में लोग उखाड़ फेंकेंगे सत्ता

Gujarat News: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को गुजरात सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने किसानों के समर्थन में आवाज़ उठाने वाले पार्टी नेताओं प्रवीण राम और राजू करपड़ा की गिरफ्तारी को “शर्मनाक” और “तानाशाही” बताया। केजरीवाल ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की आवाज़ दबा रही है जो ‘करदा प्रथा’ और एपीएमसी मंडी में शोषण के खिलाफ लड़ रहे हैं।
30 साल पुरानी भाजपा सरकार के अहंकार पर तीखी चोट

करदा प्रथा’ और एपीएमसी पर किसानों का संकल्प
केजरीवाल ने बताया कि किसानों ने 12 अक्टूबर को बोटाद जिले के हड़दड़ गांव में दो मुख्य मांगों को लेकर महापंचायत की थी। पहली मांग ‘करदा प्रथा’ खत्म करने की थी, जिसके जरिए व्यापारी किसान की फसल के दाम घटाकर शोषण करते हैं। दूसरी मांग एपीएमसी मंडी में फसल की संपूर्ण खरीद की थी ताकि किसानों को अपनी उपज फैक्ट्री या गोदाम में ले जाने का अतिरिक्त खर्च न उठाना पड़े।
85 किसानों पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज करने से भड़के केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा कि किसानों के शांतिपूर्ण आंदोलन पर भाजपा सरकार ने लाठीचार्ज और आंसू गैस से हमला किया। बाद में सरकार ने 85 किसानों पर एफआईआर दर्ज की और धारा 307 (हत्या का प्रयास) तक लगा दी। उन्होंने कहा, “यह निहत्थे किसानों के खिलाफ बर्बरता है। भाजपा किसानों की आवाज़ को जेल में बंद कर रही है।”
गिरफ्तार ‘आप’ नेताओं की रिहाई की मांग
केजरीवाल ने गुजरात पुलिस द्वारा आप नेताओं राजू करपड़ा और प्रवीण राम की गिरफ्तारी पर तीखा विरोध जताया। उन्होंने कहा, “हम सरकार से मांग करते हैं कि सभी गिरफ्तार किसानों और नेताओं को तुरंत रिहा किया जाए, और गरीब किसानों पर दर्ज सभी केस वापस लिए जाएं। हम पर केस करिए, हमें जेल भेजिए, पर किसानों को मत सताइए।
हम डरेंगे नहीं- केजरीवाल का चुनौती भरा बयान
अपनी बात को और सख्त करते हुए उन्होंने कहा, “केंद्र सरकार ने मुझे, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और सत्येंद्र जैन को जेल में डाला। हम सब वापस आए क्योंकि हमें न्याय पर भरोसा है। अगर भाजपा को लगता है कि केस कर किसानों का आंदोलन खत्म किया जा सकता है, तो यह उसकी बड़ी भूल है।”
किसानों से एकता की अपील - कल आपकी बारी भी आ सकती है
केजरीवाल ने गुजरात के किसानों को एकजुट होकर आंदोलन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज जिन 85 किसानों के खिलाफ केस दर्ज हुए हैं, कल किसी और की बारी आ सकती है। उन्होंने कहा, गुजरात की भाजपा सरकार ने जो अहंकार पाल रखा है जनता इसे अगली बार खत्म कर देगी। अहंकार रावण का भी नहीं चला - किसानों की आह बहुत भारी पड़ेगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
