पंजाब में बढ़ी कड़ाके की सर्दी: तापमान लुढ़का, 5 दिसंबर तक शीतलहर का येलो अलर्ट, मौसम विभाग ने चेताया
Punjab News: पंजाब में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते 24 घंटों में राज्य का तापमान 1 डिग्री तक गिर गया है, जिससे शीतलहर की स्थिति और गंभीर हो गई है। मौसम विभाग ने 5 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया है। फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 3°C दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सबसे कम आंकड़ा है।
राजस्थान की ठंडी हवाओं ने बढ़ाई सर्दी की मार
दिन में धूप, पर हवाओं में बरकरार रहेगी काटने वाली ठंड
राज्य में अभी मौसम शुष्क और साफ है, लेकिन हवा की ठंडक के कारण सर्दी ज्यादा महसूस हो रही है। दिन का तापमान 22°C से 24°C के बीच रहने की उम्मीद है, जबकि रात में कई जिलों में पारा 4°C तक गिर सकता है। कई स्थानों पर रातें पहाड़ी इलाकों से भी ज्यादा ठंडी साबित हो रही हैं।
फरीदकोट में सबसे कम तापमान
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार फरीदकोट प्रदेश का सबसे ठंडा शहर बना हुआ है, जहां तापमान 3°C दर्ज किया गया। वहीं अमृतसर का न्यूनतम तापमान 6.3°C, लुधियाना 4.2°C, पटियाला 6.5°C, पठानकोट 6.2°C, बठिंडा 4.2°C और गुरदासपुर में 5.8°C दर्ज हुआ है।
दिन के तापमान में भी आई गिरावट, अधिक ठंड महसूस हुई
दिन के तापमान में भी लगभग 0.5 डिग्री की गिरावट देखी गई, जिसके बाद औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री कम हो गया। अमृतसर में दिन का तापमान 21.1°C, लुधियाना में 22°C, पटियाला में 23.1°C और पठानकोट में 22°C रहा।
जालंधर, फिरोजपुर, बठिंडा सहित कई जिलों में शीतलहर का असर
शीतलहर इस समय जालंधर, फिरोजपुर, मोगा, फरीदकोट, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा जिलों को सबसे ज्यादा प्रभावित कर रही है। यदि स्थिति नहीं सुधरी तो इसका दायरा और बढ़ सकता है।
आज के मौसम का शहरवार अनुमान
अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला और मोहाली में आज हल्के बादल और कड़ाके की ठंड का अनुमान है। लुधियाना का तापमान 4°C तक जाने की संभावना है, जबकि पटियाला और मोहाली में दिन का तापमान 23°C के आसपास रहेगा।
