राजस्थान में बढ़ी गर्मी की तपिश, कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट
जयपुर। राजस्थान में गर्मी का असर लगातार तेज होता जा रहा है। इस सीजन में पहली बार राज्य का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। रविवार को बाड़मेर और बालोतरा क्षेत्र हीटवेव की चपेट में रहे, जबकि जयपुर, अजमेर और कोटा सहित 15 से अधिक शहरों में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर मापा गया।
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार राज्य में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। विभाग ने सोमवार और मंगलवार को जैसलमेर, बाड़मेर और बालोतरा जिलों में हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही अगले एक सप्ताह के दौरान तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटे के दौरान पिलानी और बाड़मेर प्रदेश के सबसे गर्म इलाके रहे। रविवार को पिलानी में अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जबकि बाड़मेर में 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। बाड़मेर और बालोतरा क्षेत्र में सुबह से तेज धूप के साथ दिन में हल्की से मध्यम लू चली, जिससे लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा।
ये भी पढ़ें घरेलू गैस सिलेंडर हुआ महंगा, दिल्ली में अब ₹913 में मिलेगा LPG, 7 मार्च से लागू हुए नए रेटइसके अलावा बीकानेर में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री, चूरू में 39.1, जैसलमेर में 39.2, जोधपुर में 38.8 और फलोदी में 38.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया। इन इलाकों में भी हल्की हीटवेव का असर देखने को मिला।
राज्य के 15 से अधिक शहरों में रविवार को तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। पाली में 37.5, झुंझुनूं में 37.4, करौली में 36.6, फतेहपुर में 38.5, जालोर और डूंगरपुर में 37.3, श्रीगंगानगर में 37.4, उदयपुर में 36.3, कोटा में 36.7, सीकर और भीलवाड़ा में 36, अलवर में 36.2 तथा अजमेर में 37 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया।
राजधानी जयपुर में भी पिछले एक सप्ताह से तापमान लगातार बढ़ रहा है। एक मार्च को जहां अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस था, वहीं रविवार को यह बढ़कर 37.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जयपुर में सुबह से ही तेज धूप के कारण गर्मी का असर महसूस होने लगा है, जो शाम तक बना रहता है। झुलसाने वाली धूप के चलते लोग दिन में घरों से निकलने से बच रहे हैं। हालांकि शाम होते ही तापमान में कुछ गिरावट आ रही है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां