मुजफ्फरनगर: तावली सहकारी समिति के MD पर भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप, जिला पंचायत सदस्य संग DM ऑफिस पहुंचे किसान
मुजफ्फरनगर। जनपद की ग्राम पंचायत तावली स्थित साधन सहकारी समिति में व्याप्त भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का मामला गरमा गया है। जिला पंचायत वार्ड नंबर 17 के सदस्य सत्येंद्र बालियान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसानों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर समिति के प्रबंध निदेशक (MD) संजीव कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। किसानों ने एमडी पर अवैध वसूली, अभद्रता और सरकारी धन के बंदरबांट के गंभीर आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
7 साल से एक ही सीट पर जमे होने का आरोप
जिला पंचायत सदस्य सत्येंद्र बालियान ने जिलाधिकारी को सौंपे प्रार्थना पत्र में बताया कि एमडी संजीव कुमार पिछले सात वर्षों से इसी समिति में कार्यरत हैं, जो नियमों के विरुद्ध है। लंबे समय तक एक ही स्थान पर जमे होने के कारण उन्होंने भ्रष्टाचार का जाल फैला लिया है। किसानों का आरोप है कि ऋण (लोन) रिन्यूअल कराने के नाम पर 5,000 रुपये और लोन की सीमा बढ़वाने के नाम पर 3,000 रुपये की अवैध वसूली खुलेआम की जा रही है।
ब्याज का खेल और डिफाल्टरों पर मेहरबानी
शिकायतकर्ता किसानों ने बताया कि ऋण की पूरी अदायगी करने के बावजूद उनके खातों में अतिरिक्त ब्याज जोड़ दिया जाता है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक क्षति हो रही है। इतना ही नहीं, एमडी पर आरोप है कि उन्होंने रिश्वत लेकर उन लोगों को भी धड़ल्ले से लोन बांट दिया है, जो अन्य बैंकों में पहले से 'डिफाल्टर' घोषित हैं। इस धांधली से सहकारी समिति की आर्थिक स्थिति पर भी खतरा मंडरा रहा है।
जांच टीम को बैरंग लौटाने का दावा
मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग द्वारा बीते 25 फरवरी 2026 को एक जांच टीम समिति भेजी गई थी। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि एमडी संजीव कुमार ने जांच में रत्ती भर भी सहयोग नहीं किया और अभद्र व्यवहार करते हुए जांच अधिकारियों को बैरंग लौटा दिया। अधिकारियों के साथ इस तरह के बर्ताव ने किसानों के शक को और पुख्ता कर दिया है।
निष्पक्ष जांच और निलंबन की मांग
सत्येंद्र बालियान और पीड़ित किसानों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की किसी उच्च स्तरीय कमेटी से निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही, जब तक जांच पूरी न हो जाए, एमडी को पद से हटाकर या निलंबित कर किसानों को इस आर्थिक मानसिक शोषण से मुक्ति दिलाई जाए।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुजफ्फरनगर की जमीनी हकीकत, राजनीति और क्राइम से जुड़ी हर खबर को वीडियो रिपोर्टिंग के जरिए बेबाकी से पहुँचाने वाले इस्तेखार अब्बासी पिछले 3 वर्षों से रॉयल बुलेटिन परिवार का हिस्सा हैं। BJMC डिग्री धारक इस्तेखार ने अपनी सधी हुई रिपोर्टिंग और खबरों की गहरी समझ से जिले में एक खास पहचान बनाई है।
मुजफ्फरनगर से जुड़ी खबरों और सुझावों के लिए इनसे संपर्क करें: 📞 मोबाइल: 8266055143

टिप्पणियां