मुजफ्फरनगरः गैस की किल्लत के बीच पूर्ति विभाग की बड़ी कार्रवाई, शिवा ढाबे से 8 घरेलू सिलेंडर जब्त

मुजफ्फरनगर। जिले में गैस की मारामारी और बुकिंग के लिए लग रही लंबी लाइनों के बीच आम उपभोक्ताओं को राहत दिलाने के लिए खाद्य एवं रसद विभाग ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। जिला पूर्ति अधिकारी ओमहरि वाजपाई के निर्देशन में टीम ने पचेंडा बाईपास स्थित शिवा टूरिस्ट ढाबे पर छापेमारी कर अवैध रूप से उपयोग किए जा रहे घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का जखीरा पकड़ा।
छापेमारी के दौरान एआरओ अमित कुमार, विकास कुमार और पूर्ति निरीक्षक राजेश चौधरी की टीम ने कुल 8 इंडेन घरेलू सिलेंडर बरामद किए। इनमें 2 सिलेंडर भट्टी पर चलते हुए, 2 भरे हुए और 4 खाली सिलेंडर शामिल हैं।
रसोई में घरेलू सिलेंडरों से बनता मिला खाना
सदर तहसील के पूर्ति निरीक्षक राजेश चौधरी के नेतृत्व में टीम ने दोपहर करीब 12 बजे शिवा टूरिस्ट ढाबे पर आकस्मिक छापा मारा। जांच के दौरान रसोई में व्यावसायिक सिलेंडरों की जगह दो घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का इस्तेमाल खाना बनाने में किया जा रहा था। तलाशी के दौरान परिसर के आंगन और अंदरूनी कमरों से 6 अन्य सिलेंडर भी बरामद किए गए।
पूर्ति विभाग के अधिकारियों के अनुसार पूछताछ में ढाबा संचालक सचिन शर्मा, निवासी मोहल्ला रामपुरी ने घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग की बात स्वीकार की। इसके बाद विभाग ने सभी 8 सिलेंडरों को जब्त कर दीपक गैस सर्विस के प्रतिनिधि को सुपुर्द कर दिया।
जिलाधिकारी के आदेश पर नई मंडी कोतवाली में आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।
पूर्ति विभाग ने साफ किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुज़फ्फरनगर के वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप त्यागी पिछले दो दशकों (20 वर्ष) से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक अटूट और विश्वसनीय स्तंभ हैं। दो दशकों के अपने इस लंबे सफर में आपने मुज़फ्फरनगर की हर छोटी-बड़ी राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक हलचल को बेहद करीब से देखा और अपनी लेखनी से जनता की आवाज़ बुलंद की है। वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में जिला प्रभारी की ज़िम्मेदारी निभा रहे श्री त्यागी अपनी ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए पूरे जिले में पहचाने जाते हैं। जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 9027803022 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां