शामली। जनपद में कड़ाके की ठंड पड़ने से लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। मंगलवार को सवेरे से ही घना कोहरा छाया रहा, वहीं सर्द हवाओं के चलने से लोगों के शरीर में गलन महसूस की गई। ठंड के प्रकोप के चलते आमजन को दैनिक कार्यों में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मंगलवार सुबह के समय दृश्यता कम रहने के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और मजदूर वर्ग को ठंड और कोहरे के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। सर्द हवाओं के कारण लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार दिन का अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में आई गिरावट के चलते ठंड और अधिक बढ़ गई है। अत्यधिक ठंड से बचाव के लिए लोग अधिकतर समय घरों में ही दुबके रहे। रात्रि के समय ठंड का असर और अधिक देखने को मिला। सर्द हवाओं के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और बाजार भी जल्दी बंद हो गए। लोग अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचते नजर आए। हालांकि दोपहर के समय धूप जरूर निकली, जिससे लोगों को थोड़ी राहत की उम्मीद जगी, लेकिन धूप में गर्माहट न के बराबर रही। धूप के बावजूद ठंड का असर बना रहा और लोग ठिठुरते रहे। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड का प्रकोप इसी तरह बना रह सकता है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।