शामली के किसानों ने पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए यूपी का राशन भेजने की मांग, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

शामली। उत्तर प्रदेश के जनपद शामली में किसान मजदूर संगठन के नेतृत्व में दर्जनों किसानों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर एक तीन सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। किसानों ने पंजाब में आई भयंकर बाढ़ और तबाही को देखते हुए यूपी के किसानों ने प्रदेश का एक माह का सरकारी राशन पंजाब में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए भेजने की मांग की है। इसके साथ ही शामली सहित प्रदेश के किसानों की बाढ़ से खराब हुई फसलों का सर्वे कर उचित मुआवजा दिलाए जाने और पशु-मानवों के वैक्सीनेशन की मांग की गई है।
गुरुवार को किसान मजदूर संगठन के जिला अध्यक्ष ठाकुर लाखन सिंह के नेतृत्व में करीब एक दर्जन किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि पहाड़ी और मैदानी इलाकों में हो रही लगातार भारी बारिश के कारण नदियां और नाले उफान पर हैं। पंजाब में इस बाढ़ से किसानों की पूरी फसल तबाह हो चुकी है और वे बेहद संकट में हैं, ऐसे में यूपी की सरकार को राहत सामग्री भेजने का कदम उठाना चाहिए।
शामली में यमुना नदी उफान पर है और यमुना खादर क्षेत्र में किसानों की फसल जलमग्न हो गई है, जिससे वे आर्थिक रूप से बर्बाद होने के कगार पर हैं। किसानों ने सरकार से अपील की है कि प्रभावित किसानों की फसल का सर्वे कराकर उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही, बरसात और बाढ़ के बाद बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए स्वास्थ्य विभाग को सभी पशुओं और मनुष्यों का वैक्सीनेशन करवाना चाहिए, जिससे बीमारियों को रोका जा सके।