मथुरा । यमुना के जलस्तर में शनिवार से रविवार तक जबरदस्त बढोत्तरी हुयी है। शहर के घाट किनारा क्षेत्र सहित सदर क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। मथुरा वृन्दावन में हालात बेकाबू हो रहे हैं। लगातार बढ़ रहे जलस्तर से यमुना से सटे निचले इलाके डूब गए हैं। जमुनापार के कई इलाकों में पानी घुस जाने से लोगों को भारी नुकसान हुआ है। लोग घरों को खाली करने में लगे हुये हैं। शहरी क्षेत्र की बात करें तो यहां विश्राम घाट से लेकर बंगाली घाट तक का संपर्क टूट चुका है।
पूरे रास्ते पर पानी भरा हुआ है। कई-कई जगह घुटनों तक पानी है तो कई जगह उससे थोड़ा कम। रविवार यमुना का जलस्तर बढ़ने से बाढ का पानी सदर बाजार क्षेत्र में घुस गया। जगह- जगह यमुना का पानी सड़कों पर देखा गया जिससे व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दीं। राहगीरों को रास्ता निकलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रविवार शाम को यमुना खतरे के निशान से काफी ऊपर बह रही थी।एहतियातन प्रशासन की ओर से आठ सितम्बर को स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।
जलस्तर लगातार बढ़ने के चलते प्रशासन और विद्युत विभाग द्वारा संभावित खतरे को देखते हुए यमुना किनारे बसे कई क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। इनमें द्वारिकाधीश क्षेत्र से सटे घनी बस्ती वाले कुआं गली, मानिक चौक इलाके शामिल थे। लाइट न होने से लोगों को उमस भरी गर्मी गर्मी का सामना करना पड़ा बल्कि पेयजल आपूर्ति भी ठप हो गई है।
परिक्रमा मार्ग पर पानी, केशीघाट की ओर लगा प्रतिबंध
परिक्रमा मार्ग के कालीदह क्षेत्र में चार फुट तक पानी सड़क पर आ गया है। परिक्रमा मार्ग पर आवागमन पर पहले से ही रोक है, अब केशीघाट की ओर जाने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। खादर में बसी कालोनियों में कई फीट पानी भर जाने के कारण लोगों न छतों पर डेरा डाल लिया है। दारुक पार्किंग में पानी भर जाने वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गया। यमुना का पानी परिक्रमा मार्ग को पार कर अब नगर के रिहायशी क्षेत्रों में घुस गया है। ज्ञानगुदड़ी के चारों ओर दो फीट पानी भर गया है।
घरों और आश्रमों में पानी घुसने लगा
टटिया स्थान मार्ग, गुरुकुल मार्ग, चार संप्रदाय मार्ग पर पानी आ जाने से लोगों के घरों और आश्रमों में भी पानी घुसने लगा है। इन मार्गों पर एक फीट पानी भर गया है। परिक्रमा मार्ग से लगे घरों और आश्रमों और मुहल्लों में पानी यमुना का पानी घुस आने से लोगों को बाढ़ का खतरा दिखने लगा है। पुलिस ने परिक्रमा मार्ग में जगह-जगह स्टापर लगाकर आवागमन पर रोक लगा दी है। वृंदावन केशीघाट सहित नगर के घाटों के मार्गों पर बैरिकेडिंग लगा दी गई है। श्याम कुटी कॉलोनी, श्याम नगर, केशव नगर, श्रीजी वाटिका के निचले इलाकों में बने मकानों में आठ फीट पानी भर गया है। प्रशासन ने नाव से बाढ़ पीड़ितों को भोजन पहुंचाया।