भारत में टी-20 विश्वकप नहीं खेलेगा बंगलादेश
ढाका । बंगलादेश ने भारत में टी-20 विश्वकप नहीं खेलने का फैसला किया। बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी), बंगलादेशी क्रिकेटरों और सरकार के खेल सलाहकार के बीच ढाका में गुरुवार को बैठक के बाद यह फैसला सामने आया है। वे भारत में विश्वकप मैच नहीं खेलना चाहते हैं और अपने कार्यक्रम को श्रीलंका में कराना चाहते है। बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेंस में बीसीबी के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने कहा, "हम श्रीलंका में खेलने की अपनी योजना के साथ आईसीसी के पास जायेंगे। उन्होंने हमें 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था, लेकिन एक वैश्विक संस्था सही में ऐसा नहीं कर सकती। आईसीसी 20 करोड़ लोगों को विश्वकप मैच देखने से वंचित करेगी। यह उनका अपना नुकसान है। आईसीसी श्रीलंका को सह मेजबान बता रहा है लेकिन वह सह मेजबान नहीं है। यह एक हाईब्रिड मॉडल है। मैंने आईसीसी बैठक में कुछ बातें सुनी थी जो चौंकाने वाली थीं।"
सरकार के सलाहकार आसिफ नजरुल ने कहा हम उम्मीद करते है कि आईसीसी हमें श्रीलंका में खेलने का मौका देगा। हमारी सरकार ने भारत न जाने का यह फैसला किया है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बंगलादेश की भारत से उसके टी-20 विश्व कप मैच शिफ्ट करने की मांग कल खारिज कर दी थी। आईसीसी ने बीसीबी से बंगलादेश सरकार को यह बताने के लिए कहा था कि अगर बंगलादेश टी-20 विश्व कप में अपने मैच खेलने के लिए भारत जाने से इनकार करता रहता है, तो टूर्नामेंट में उसकी जगह किसी दूसरी टीम को ले लिया जाएगा। इस फैसले के बाद वोटिंग हुई, जिसमें आईसीसी बोर्ड के ज्यादातर सदस्य रिप्लेसमेंट के पक्ष में थे।
बीसीसीआई के आईपीएल टीम कोलकाता नाईट राइडर्स को मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने के निर्देश के बाद बंगलादेश ने भारत में खेलने को लेकर सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए यह मांग की थी।
बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड ने लगातार सरकार की सुरक्षा चिंताओं को ही अपना आधार बनाया है और भारत में खिलाड़ियों की जान को खतरा बताया है। बीसीबी ने कई दफा आईसीसी से गुजारिश की थी कि उनके मैचों का आयोजन श्रीलंका में कराया जाए। पिछले सप्ताह हुई बैठक के दौरान तो बांग्लादेशी बोर्ड ने एक अजीबोगरीब प्रस्ताव तक दे डाला। उन्होंने मांग की कि बंगलादेश को ग्रुप-सी से निकालकर ग्रुप-बी में भेज दिया जाए और आयरलैंड की जगह उन्हें दे दी जाए, क्योंकि आयरलैंड को अपने ग्रुप स्टेज के सभी मुकाबले श्रीलंका में ही खेलने हैं। हालांकि, आईसीसी ने इस मांग को सिरे से खारिज कर दिया था और इससे पहले आए इसी तरह के अन्य सुझावों को भी कोई तवज्जो नहीं दी।
भारत में नहीं खेलने से बंगलादेश को वित्तीय नुकसान भी होगा। बीसीबी को आईसीसी से मिलने वाली पांच लाख अमेरिकी डॉलर की तैयारी फीस नहीं मिलेगी। साथ ही खिलाड़ी भी इनामी राशि से वंचित रहेंगे, जो न्यूनतम तौर पर पूरी टीम में बंटने वाले दो लाख अमेरिकी डॉलर हो सकते थे और मैच जीतने की सूरत में यह रकम और बढ़ सकती थी।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां