मुरादाबाद में 'टेम्पटेशन' बेकरी के गोदाम पर फूड सेफ्टी का छापा, वेज उत्पादों के बीच मिला चिकन पाउडर, फैक्ट्री सीज
एक्सपायरी फूड प्रोडक्ट्स का जखीरा बरामद, शुद्धता के नाम पर ग्राहकों की सेहत से खिलवाड़ का बड़ा खुलासा
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बरेली मंडल के प्रतिष्ठित बेकरी ब्रांड 'टेम्पटेशन' के गोदाम पर छापेमारी की। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के कांठ रोड स्थित इस फैक्ट्री और गोदाम में मानकों की सरेआम धज्जियां उड़ती मिलीं, जिसके बाद विभाग ने बेकरी यूनिट समेत परिसर के कई हिस्सों को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार इस छापेमारी के दौरान टीम को सबसे चौंकाने वाली बात यह मिली कि खुद को 'शुद्ध शाकाहारी' (वेज) बेकरी उत्पाद बेचने वाले इस संस्थान के गोदाम से चिकन पाउडर बरामद हुआ। इस खुलासे ने ग्राहकों के भरोसे को तगड़ा झटका दिया है। अधिकारियों ने मौके से भारी मात्रा में ऐसे खाद्य पदार्थ भी बरामद किए जिनकी एक्सपायरी डेट (उपभोग की समय सीमा) निकल चुकी थी, लेकिन उन्हें बाजार में भेजने की तैयारी थी। खाद्य सुरक्षा विभाग अधिकारी ने बताया कि गोदाम में भारी अनियमितताएं मिली हैं। एक्सपायरी सामान और संदिग्ध चिकन पाउडर की बरामदगी के बाद फैक्ट्री के हिस्सों को सीज कर दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
एक दर्जन से अधिक सैंपल लैब भेजे गए
फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने सघन जांच करते हुए मौके से कच्चे माल और तैयार उत्पादों के एक दर्जन से अधिक नमूने लिए हैं। अधिकारियों के अनुसार] बरामद सैंपलों को सील कर राजकीय प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। लैब रिपोर्ट में मिलावट या घटिया सामग्री की पुष्टि होने पर भारी जुर्माना और लाइसेंस निरस्तीकरण जैसी विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग का सख्त रुख: सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
हाल ही में खजूर को लेकर की गई छापेमारी के बाद मुरादाबाद में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। छापेमारी की खबर मिलते ही शहर के अन्य बेकरी संचालकों में भी हड़कंप मच गया। विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ब्रांड कितना भी बड़ा क्यों न हो, यदि वह उपभोक्ताओं की सेहत और धार्मिक भावनाओं (वेज-नॉनवेज मानकों) से खिलवाड़ करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
अभिषेक भारद्वाज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 11 वर्षों से मुरादाबाद मंडल की पत्रकारिता का व्यापक अनुभव है। वे मुरादाबाद के प्रतिष्ठित एसएस न्यूज़ चैनल में संपादकीय प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर चुके हैं। मुरादाबाद की राजनीतिक, सामाजिक और स्थानीय खबरों पर उनकी गहरी पकड़ है। वर्तमान में वे रॉयल बुलेटिन के मुरादाबाद जिला प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां