बागपत। आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अस्मिता लाल की अध्यक्षता में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जिला स्वास्थ्य समिति एवं शासी निकाय की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आपात स्थिति में आने वाले किसी भी मरीज को आधार कार्ड अथवा अन्य दस्तावेज के अभाव में उपचार से वंचित न किया जाए। सभी मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि टीकाकरण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि 2 से 5 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 18 प्रतिशत ऐसे बच्चों से संपर्क स्थापित कर विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से ईंट-भट्टों पर कार्यरत श्रमिकों के बच्चों का टीकाकरण कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। प्रत्येक टीकाकरण सत्र स्थल पर जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने तथा गुणवत्ता के अनुरूप नियमित निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने जनपद में विभिन्न स्थानों पर मानसिक स्वास्थ्य कैम्प आयोजित करने के निर्देश दिए तथा लगाए जाने वाले प्रत्येक स्वास्थ्य कैम्प का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा। बायोमेडिकल वेस्ट के समुचित निस्तारण, पोस्टमार्टम हाउस के बाहर चिकित्सकों एवं स्टाफ का रोस्टर चस्पा करने, ट्रामा सेंटर को पूर्ण रूप से क्रियाशील रखने तथा सभी चिकित्सकों को एक समान ड्रेस कोड एवं नेम प्लेट के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने बताया कि फैमिली आईडी प्रगति में जनपद का प्रदेश में तृतीय स्थान तथा आयुष्मान योजना में प्रथम स्थान है, जिसे बनाए रखने हेतु निरंतर प्रयास किए जाएं। महिला एवं पुरुष नसबंदी कार्यक्रम को मानक अनुरूप संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अतिरिक्त कार्यालय परिसर में उपलब्ध संसाधनों की समुचित देखभाल पर बल देते हुए वाटर कूलर की सर्विसिंग, टूट-फूट वाले दरवाजे एवं फर्नीचर की मरम्मत, आवश्यक वार्डों को क्रियाशील रखने, पंखों की मरम्मत तथा शीतकालीन सामग्री को व्यवस्थित रूप से सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर तीरथ लाल सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
टिप्पणियां