गाजियाबाद: मकान नाम न करने पर कलयुगी बेटे ने मां-बाप को चाकू से गोदा, हालत नाजुक
गोविंदपुरी कॉलोनी में रमाशंकर और सुशीला देवी पर पुत्र ने किया जानलेवा हमला; शिकायत के बावजूद पुलिस की सुस्ती पर उठे सवाल, आरोपी फरार
गाजियाबाद। जनपद के मोदीनगर क्षेत्र में संपत्ति के विवाद में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। मकान अपने नाम न करने से नाराज एक कलयुगी बेटे ने अपने ही वृद्ध माता-पिता को चाकुओं से गोदकर लहूलुहान कर दिया। गंभीर हालत में दंपति को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है। घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार, मोदीनगर की गोविंदपुरी कॉलोनी निवासी 70 वर्षीय रमाशंकर अपनी पत्नी सुशीला देवी, पुत्र मनोज और पुत्रवधू के साथ रहते हैं। बताया जा रहा है कि मनोज काफी समय से पिता पर मकान उसके नाम ट्रांसफर करने का दबाव बना रहा था। इस बात को लेकर घर में अक्सर कलह होती थी। चार दिन पहले भी विवाद होने पर बुजुर्ग दंपत्ति गोविंदपुरी पुलिस चौकी पहुँचे थे। सोमवार को भी उन्होंने बेटे द्वारा मारपीट की शिकायत मोदीनगर थाने में की थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने मंगलवार को कार्रवाई की बात कहकर उन्हें वापस टाल दिया।
ये भी पढ़ें मंत्री कपिल देव अग्रवाल के झूठे दावे की पोल खुली: PM आवास के फ्लैट अधूरे, न बिजली-पानी, न खिड़कियांचीख-पुकार सुन दौड़े पड़ोसी, आरोपी फरार
मंगलवार को विवाद इतना बढ़ा कि तैश में आकर मनोज ने धारदार चाकू से अपने माता-पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। रमाशंकर और सुशीला देवी की चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के पड़ोसी मौके पर पहुँचे, आरोपी मनोज वहां से भाग निकला। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को नजदीकी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में मेरठ रैफर कर दिया गया।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम जांच में जुट गई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी तक लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश देनी शुरू कर दी है। इस मामले में पुलिस की सुस्ती पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि बुजुर्ग दंपत्ति लगातार अपनी सुरक्षा की गुहार लगा रहे थे, जिसे समय रहते गंभीरता से नहीं लिया गया।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां