बिजनौर: कमिश्नर आनंजय कुमार ने ग्राम चौपाल में परखी विकास कार्यों की हकीकत, खाली रजिस्टर देख बिफरे
मुबारकपुर तालन में चौपाल लगाकर सुनीं जनसमस्याएं; आंगनबाड़ी केंद्र की आधुनिक सुविधाओं को सराहा, कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक कर दिए सख्त निर्देश
बिजनौर। मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर आनंजय कुमार ने मंगलवार को जनपद बिजनौर का सघन दौरा किया। उन्होंने ग्राम मुबारकपुर तालन में आयोजित 'ग्राम चौपाल' के माध्यम से शासन की योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी। इस दौरान कमिश्नर ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित के कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या पारदर्शिता की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधूरे अभिलेखों पर जताई नाराजगी, व्यवस्था सुधारने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर आनंजय कुमार ने समग्र विद्यालय स्थित पंचायत भवन का जायजा लिया। वहां रखे अभिलेखों की जांच करने पर अधिकांश रजिस्टर खाली और मानकों के विपरीत मिले। इस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कमिश्नर ने जन्म-मृत्यु पंजिका, उपस्थिति रजिस्टर और टीकाकरण कार्यक्रम सहित सभी अभिलेखों को तत्काल अद्यतन (Update) करने की चेतावनी दी। हालांकि, आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं, एलईडी और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के माध्यम से दी जा रही शिक्षा की प्रशंसा की।
आयुष्मान कार्ड और पेंशन योजनाओं पर जोर
कमिश्नर ने विद्यालय परिसर में लगे विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों और अंत्योदय कार्ड धारकों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं। साथ ही, गांव में विधवा, दिव्यांग और निराश्रित पेंशन के पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ने में कोई देरी न की जाए। गांव से वापसी के दौरान कीचड़ और पानी से भरी सड़क देख उन्होंने अधिकारियों को तत्काल निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक: 'वादों का निस्तारण पारदर्शिता से हो'
दोपहर बाद कमिश्नर ने कलेक्ट्रेट परिसर के विभिन्न अनुभागों का बारीकी से निरीक्षण किया। शाम 5 बजे सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित रेस्टोरेशन वादों का निस्तारण पूर्ण निष्पक्षता के साथ किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दोनों पक्षों को सुनकर तथ्यों के आधार पर निर्णय लें, ताकि आमजन को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर जिलाधिकारी जसजीत कौर, सीडीओ रणविजय सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व वान्या सिंह, सीएमओ डॉ. कौशलेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में विभागीय अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
अभिषेक भारद्वाज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 11 वर्षों से मुरादाबाद मंडल की पत्रकारिता का व्यापक अनुभव है। वे मुरादाबाद के प्रतिष्ठित एसएस न्यूज़ चैनल में संपादकीय प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर चुके हैं। मुरादाबाद की राजनीतिक, सामाजिक और स्थानीय खबरों पर उनकी गहरी पकड़ है। वर्तमान में वे रॉयल बुलेटिन के मुरादाबाद जिला प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां