बागपत: बर्तन विक्रेता हत्याकांड का खुलासा, शराब के नशे में विवाद के बाद ईंट से पीटकर उतारा था मौत के घाट
बड़ौत पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार; संभल का रहने वाला था मृतक, गांगनौली के हत्यारोपियों से बरामद हुई घटना में प्रयुक्त बुलेट बाइक
बागपत। जनपद की बड़ौत कोतवाली पुलिस ने सुल्तानपुर हटाना गांव के जंगल में हुए सनसनीखेज बर्तन विक्रेता हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने शराब पीने के दौरान हुए मामूली विवाद में ईंट से पीट-पीटकर शमशाद की हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बुलेट बाइक और खून से सनी ईंट भी बरामद कर ली है।
बता दें कि मृतक शमशाद मूल रूप से जनपद संभल का निवासी था और बागपत में गांव-गांव जाकर बर्तन बेचने का काम करता था। करीब एक सप्ताह पूर्व उसका शव सुल्तानपुर हटाना के जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। पुलिस तभी से इस मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी थी। सर्विलांस और स्थानीय मुखबिरों की मदद से पुलिस ने मोहित और चमन निवासी गांगनौली (थाना दोघट) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो सारा सच सामने आ गया।
विवाद और बेरहमी से हत्या
पुलिस जांच में पता चला कि 16 फरवरी को शमशाद बर्तन बेचकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात मोहित और चमन से हुई। तीनों ने साथ बैठकर शराब पी, लेकिन नशे की हालत में किसी बात को लेकर उनके बीच तीखी कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों आरोपियों ने पास पड़ी ईंट उठाकर शमशाद के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी अपनी बुलेट बाइक से फरार हो गए थे।
पुलिस ने भेजा जेल
बड़ौत कोतवाली पुलिस ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपी शातिर किस्म के हैं। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार (ईंट) और बुलेट बाइक बरामद कर ली गई है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया है। शमशाद की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां