'यादव जी की लव स्टोरी' पर छिड़ी रार: यादव महासभा ने फिल्म के नाम पर प्रतिबंध की मांग को लेकर किया प्रदर्शन
गाजियाबाद। जल्द रिलीज होने वाली फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ के शीर्षक को लेकर यादव समाज में आक्रोश फूट पड़ा है। सोमवार को यादव महासभा के बैनर तले सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर इकट्ठा होकर फिल्म के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का स्पष्ट कहना है कि फिल्म का नाम समाज की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला है और इसे तत्काल बदला जाना चाहिए।
यादव महासभा के जिला अध्यक्ष अशोक यादव के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे समाज के लोगों ने जिला प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा। अशोक यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि किसी फिल्म के शीर्षक में पूरे समाज का नाम जोड़ना एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा प्रतीत होता है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि फिल्म की कहानी किसी विशेष व्यक्ति के जीवन पर आधारित नहीं है, तो फिल्म का नाम ‘यादव जी’ रखना समाज की सामाजिक प्रतिष्ठा के साथ खिलवाड़ है।
महासभा के पदाधिकारियों ने इस बात पर भी गंभीर आपत्ति जताई कि फिल्म के निर्माण, निर्देशन या मुख्य भूमिकाओं में यादव समाज का कोई भी प्रतिनिधित्व नहीं है। उनका आरोप है कि व्यावसायिक लाभ के लिए समाज के नाम का दुरुपयोग किया जा रहा है, जिससे समुदाय की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। ज्ञापन में मांग की गई है कि प्रशासन फिल्म की पटकथा और संवादों की गहनता से जांच कराए और यदि इसमें समाज की छवि खराब करने वाला कोई भी दृश्य मिलता है, तो उस पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि फिल्म के नाम में बदलाव नहीं किया गया या इस पर प्रतिबंध नहीं लगा, तो यादव समाज सड़कों पर उतरकर और भी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए उचित कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को भेजने का आश्वासन दिया है। दूसरी ओर, फिल्म के निर्माताओं की तरफ से फिलहाल इस विवाद पर चुप्पी साध ली गई है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां