राष्ट्र की गरिमा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: युवा मोर्चा ने फूंका राहुल गांधी का पुतला, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
गाजियाबाद: भारत मंडपम में कांग्रेस पार्टी की युवा विंग द्वारा की गई कथित आपत्तिजनक हरकत के विरोध में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा महानगर इकाई ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में एकत्रित हुए कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी की और इसे देश की वैश्विक प्रतिष्ठा को धूमिल करने वाला कृत्य करार दिया।
आरडीसी राजनगर में फूंका पुतला
प्रदर्शनकारी कार्यकर्ता आरडीसी राजनगर चौक पर एकत्रित हुए जहां उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया। इस दौरान युवा मोर्चा के नेताओं ने कहा कि कांग्रेस और उसकी युवा विंग लगातार ऐसे कृत्यों में संलिप्त हैं जो राष्ट्र की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं। पुतला दहन के दौरान काफी देर तक वहां गहमागहमी बनी रही और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
पुतला दहन के बाद युवा मोर्चा का एक प्रतिनिधिमंडल जिला मुख्यालय पहुंचा जहां उन्होंने जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में भारत मंडपम वाले प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराने और इसमें शामिल दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई है। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति से अपील की कि राष्ट्र के प्रतीकों और प्रतिष्ठा से जुड़े स्थानों पर ऐसी अमर्यादित गतिविधियों को रोकने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
एकता और अखंडता सर्वोपरि: मयंक गोयल
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान भाजपा के लिए सर्वोपरि है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हताशा में देश की वैश्विक साख पर प्रहार कर रही है जिसे युवा मोर्चा कभी स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी देश की गरिमा के विरुद्ध कोई साजिश रची गई तो उसका लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से पुरजोर विरोध किया जाएगा। इस प्रदर्शन के दौरान महानगर कार्यकारिणी के अनेक पदाधिकारी और सक्रिय कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां