जयपुर: कान्हा ग्रुप पर IT की रेड, खुफिया दीवार से करोड़ों का सोना-चांदी बरामद
जयपुर। राजस्थान की चर्चित फूड चेन कान्हा रेस्टोरेंट पर आयकर विभाग की छापेमारी शनिवार को चौथे दिन भी जारी रही। अब तक की कार्रवाई में करोड़ों रुपये के आभूषण, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। विभाग ने जांच के दौरान करीब 7.5 करोड़ रुपए कीमत का सोना और 25 लाख रुपए नकद जब्त किया है, जबकि कई बैंक लॉकर और अन्य संपत्तियों के दस्तावेज भी जांच के दायरे में आए हैं।
आयकर विभाग की टीम ने बुधवार सुबह से जयपुर सहित राजस्थान और मुंबई में कुल 33 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की थी। चार दिन चली कार्रवाई में अब तक 26 ठिकानों पर तलाशी पूरी कर ली गई है, जबकि जयपुर के सात ठिकानों पर शनिवार को भी सर्च ऑपरेशन जारी रहा।
छापेमारी के दौरान शुक्रवार को जयपुर स्थित एक ठिकाने पर टीम को दीवार के पीछे बना एक खुफिया कमरा मिला। दीवार तोड़कर अंदर पहुंचने पर वहां 10 छोटी अलमारियां मिलीं। अलमारियों की तलाशी लेने पर करीब 5 करोड़ रुपये कीमत की ज्वेलरी और 25 लाख रुपये नकद बरामद हुआ। इसके अलावा डिजिटल रिकॉर्ड और दस्तावेज भी मिले हैं, जिनमें करोड़ों रुपये के लेन-देन और संभावित टैक्स चोरी से जुड़े सुराग मिले हैं।
सूत्रों के अनुसार अब तक की कार्रवाई में करीब 11 करोड़ रुपये कीमत का सोना, लगभग 1.25 करोड़ रुपये नकद और 10 से अधिक बैंक लॉकर सामने आए हैं। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद आयकर विभाग ने 7.5 करोड़ रुपये कीमत का सोना और 25 लाख रुपये नकदी जब्त कर ली है। बैंक लॉकरों को खोलने और संपत्तियों के मूल्यांकन की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों का मानना है कि आगे की जांच में करोड़ों रुपए की चल-अचल संपत्ति से जुड़े और खुलासे हो सकते हैं।
छापेमारी के दौरान जयपुर के आमेर स्थित होटल ताज और कुंदन वन मैरिज गार्डन में भी आयकर विभाग की टीम जांच कर रही है। कुंदन वन में पिछले तीन वर्षों में आयोजित हुई आलीशान शादियों के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक आयकर विभाग की यह कार्रवाई रविवार शाम तक पूरी होने की संभावना है। फिलहाल टीम दस्तावेज की जांच, डिजिटल डाटा की पड़ताल और बैंक लॉकरों के मूल्यांकन में जुटी हुई है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां