नोएडा। ग्रेटर नोएडा के थाना रबूपुरा क्षेत्र के भिकनपुर गांव के पास एक व्यक्ति खेत में लहूलुहान अवस्था में मृत मिला है। इस मामले में मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि उनके दूसरे बेटे ने पैसे के बंटवारे को लेकर अपने बेटे के संग मिलकर उसकी हत्या की है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
थाना रबूपुरा के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि थाना रबूपुरा क्षेत्र के भिकनपुर गांव से कल्लूपुरा गांव की ओर जाने वाले रास्ते के पास रविवार को खेत में एक व्यक्ति अपनी मोटरसाइकिल के सहित खेत में पड़े होने की सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो पता चला कि उनकी मौत हो गई है। उनकी पहचान सुखदेव शर्मा पुत्र सुरेंद्र शर्मा निवासी ग्राम कल्लूपुरा के रूप में हुई है। उनकी उम्र 32 वर्ष है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि सोमवार को मृतक के पिता सुरेंद्र चंद्र शर्मा ने इस मामले में अपने दूसरे बेटे हरकेश, हरकेश के बेटे हिमांशु, हरकेश की पत्नी उमेश, हिमांशु की पत्नी कनक और अनिल आदि को नामित करते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया कि पीड़ित का आरोप है कि यमुना विकास प्राधिकरण द्वारा अधिग्रहित की गई जमीन से मिले लाखों रुपए के मुआवजे के बंटवारे को लेकर मृतक और उसके भाई के बीच में विवाद चल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया है कि पैसे के बंटवारे को लेकर उसकी हत्या की गई है। मीडिया प्रभारी ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा।
टिप्पणियां