अमरोहा में भाजपा विधायक पर हमला, तीन पुलिसकर्मी निलंबित
अमरोहा उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में मंडी धनौरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक राजीव तरारा पर रविवार देर शाम कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस प्रकरण में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन पुलिसकर्मियों को लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी हसनपुर पंकज कुमार त्यागी ने सोमवार को बताया कि विधायक राजीव तरारा एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए मंडी धनौरा से अमरोहा जा रहे थे। मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के रेलवे क्रॉसिंग के पास पीछे से आए तेज रफ्तार बाइक सवारों ने उनकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सुरक्षा गार्ड द्वारा पूछताछ करने पर बाइक सवारों ने कथित रूप से पत्थरबाजी शुरू कर दी तथा गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की।
ये भी पढ़ें संभल: सड़क पर दौड़ता ट्रक बना 'आग का गोला', केमिकल और घास लदे वाहन में लगी भीषण आग से मचा हड़कंप
सूत्रों के अनुसार विधायक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, मगर पुलिस के मौके पर पहुंचने में विलंब हुआ। बाद में पहुंची पुलिस ने दो हमलावरों को हिरासत में ले लिया, जबकि अन्य फरार हो गए। हमलावरों की संख्या दो से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर थाना क्षेत्र के शहबाजपुर मड़ैया निवासी रोहित और नानौर माफी निवासी प्रदीप को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने मंडी धनौरा थाने का कार्यभार संभाल रहे वरिष्ठ उपनिरीक्षक सतीश कुमार, कस्बा चौकी प्रभारी जुगल किशोर तथा सिपाही अंकुश मलिक को कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की विभागीय जांच जारी है।
मुरादाबाद परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक मुनीराज जी ने विधायक से संपर्क कर घटना की जानकारी ली और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में हलचल है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां