सहारनपुर के बिजली विभाग में 32 लाख का खेल! उपभोक्ताओं का पैसा डकारने वाले अधिशासी अभियंता समेत 6 कर्मचारी निलंबित
मेरठ / सहारनपुर। सहारनपुर के नकुड़ क्षेत्र में बिजली विभाग के भीतर एक बड़े वित्तीय घोटाले का भंडाफोड़ हुआ है। उपभोक्ताओं से वसूले गए राजस्व की करीब 32 लाख रुपये की रकम विभागीय कोष में जमा करने के बजाय डकार ली गई। इस गंभीर गबन मामले में एमडी पीवीवीएनएल के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अधिशासी अभियंता सहित 6 कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मुख्य आरोपी टीजी-2 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
पूरा मामला तब प्रकाश में आया जब विभाग के राजस्व रिकॉर्ड और जमा की गई राशि के बीच भारी अंतर पाया गया। जानकारी के अनुसार, नकुड़ कार्यालय में तैनात कर्मचारियों ने उपभोक्ताओं से बिल की राशि तो वसूल ली, लेकिन उसे सरकारी खाते में दर्ज नहीं किया। इस अनियमितता की शिकायत पश्चिम उत्तर प्रदेश विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PVVNL) के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता तक पहुंची, जिन्होंने बिना देरी किए मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए।
जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया कि राजस्व की 32 लाख रुपये की भारी-भरकम राशि कार्यालय के रिकॉर्ड से गायब है। वित्तीय अनुशासनहीनता और गबन की पुष्टि होने पर एमडी रवीश गुप्ता ने सख्त रुख अपनाया। इस घोटाले में मुख्य भूमिका निभाने वाले टीजी-2 कर्मचारी को निलंबित कर उसके विरुद्ध थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, आरोपी कर्मचारी गिरफ्तारी के डर से फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।
इसके साथ ही, निगरानी में लापरवाही और राजस्व हानि का जिम्मेदार मानते हुए विभाग ने अधिशासी अभियंता (EE), एक सहायक एकाउंटेंट, एक एकाउंटेंट और दो लिपिकों (कलर्क) को भी निलंबित कर दिया है। इतनी बड़ी रकम का गबन विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत और निगरानी व्यवस्था की विफलता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि यह खेल कब से चल रहा था और क्या इसमें कुछ अन्य लोग भी शामिल हैं।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
गौरव सिंघल सहारनपुर के एक अनुभवी और प्रतिष्ठित पत्रकार हैं, जो पिछले 18 वर्षों (2007 से) से मीडिया जगत में सक्रिय हैं। पत्रकारिता की बारीकियां उन्होंने विरासत में अपने पिता के मार्गदर्शन में 'अमर उजाला' और 'हिन्दुस्तान' जैसे संस्थानों से सीखीं।
अपने लंबे करियर में उन्होंने इंडिया टुडे (फोटो जर्नलिस्ट), शुक्रवार, इतवार, दैनिक संवाद और यूपी बुलेटिन जैसे दर्जनों प्रतिष्ठित समाचार पत्रों व पत्रिकाओं में अपनी सेवाएं दीं। लेखनी के साथ-साथ कुशल फोटो जर्नलिस्ट के रूप में भी उनकी विशिष्ट पहचान है।
विभिन्न राष्ट्रीय व क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में अनुभव प्राप्त करने के बाद, वर्तमान में गौरव सिंघल सहारनपुर से 'रॉयल बुलेटिन' के साथ जुड़कर अपनी निष्पक्ष और गहरी रिपोर्टिंग से संस्थान को मजबूती प्रदान कर रहे हैं।

टिप्पणियां