मुजफ्फरनगर में 'विक्की त्यागी' के नाम पर 'हिन्दू नेता' को दी जान से मारने की धमकी, नगर पालिका का ठेकेदार गिरफ्तार
वार्ड 39 में नाली निर्माण पर हुआ था विवाद; कथित वायरल ऑडियो में विक्की त्यागी का नाम लेकर डराने का आरोप, हिंदू संघर्ष समिति में भारी रोष
मुजफ्फरनगर। शहर के वार्ड संख्या 39, सहारनपुर बस स्टैंड के पीछे स्थित इंद्रा कॉलोनी में चल रहे नाली व सड़क निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार की शिकायत करना एक हिंदूवादी नेता को भारी पड़ गया। निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाने वाले हिंदू संघर्ष समिति के संयोजक नरेंद्र पंवार उर्फ साधु गुर्जर को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर पालिका ठेकेदार अनिल वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।
वीडियो बनाकर की थी भ्रष्टाचार की शिकायत
पूरा मामला निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के इस्तेमाल से जुड़ा है। नरेंद्र पंवार ने दो दिन पूर्व निर्माण स्थल का एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था और नगर पालिका अध्यक्ष से इसकी लिखित शिकायत की थी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने संबंधित
कार्य को तुरंत रुकवा दिया। आरोप है कि कार्य रुकने से बौखलाए ठेकेदार अनिल वर्मा ने नरेंद्र पंवार को फोन पर भद्दी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी।
ऑडियो में विक्की त्यागी का नाम लेकर दी धमकी!
सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक कथित ऑडियो में ठेकेदार द्वारा नरेंद्र पंवार को डराने के लिए कुख्यात मृतक विक्की त्यागी के नाम का सहारा लेने और आपत्तिजनक जातिगत टिप्पणी करने का भी आरोप लगा है। हालांकि, पुलिस अभी इस ऑडियो की सत्यता की जांच कर रही है। धमकी की सूचना मिलते ही हिंदू संघर्ष समिति, राष्ट्रीय गुर्जर महासभा और संयुक्त व्यापार संगठन से जुड़े पदाधिकारी बड़ी संख्या में थाना सिविल लाइन पहुँचे और ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
पुलिस ने आरोपी ठेकेदार को दबोचा
थाना सिविल लाइन पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल दबिश दी और आरोपी ठेकेदार अनिल वर्मा को गिरफ्तार कर थाने ले आई। पुलिस का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वालों को धमकाना गंभीर अपराध है। इस अवसर पर रविंद्र गुर्जर (अध्यक्ष,

राष्ट्रीय गुर्जर महासभा), संजय मिश्रा (अध्यक्ष, संयुक्त व्यापार संगठन), अमित गुप्ता और अरुण प्रताप सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी और धमकियों से डरकर विकास कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुज़फ्फरनगर के वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप त्यागी पिछले दो दशकों (20 वर्ष) से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक अटूट और विश्वसनीय स्तंभ हैं। दो दशकों के अपने इस लंबे सफर में आपने मुज़फ्फरनगर की हर छोटी-बड़ी राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक हलचल को बेहद करीब से देखा और अपनी लेखनी से जनता की आवाज़ बुलंद की है। वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में जिला प्रभारी की ज़िम्मेदारी निभा रहे श्री त्यागी अपनी ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए पूरे जिले में पहचाने जाते हैं। जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 9027803022 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां