मुजफ्फरनगर: पूर्व विधायक अशोक कंसल ने सीएम योगी से की भेंट, महाराजा अग्रसेन की जीवनी पाठ्यक्रम में शामिल करने सहित रखी कई मांगें
दंगा पीड़ित परिवार को नौकरी, मंदिरों की बिजली मुफ्त करने और गोचर भूमि कब्जामुक्त कराने का सौंपा ज्ञापन; मुख्यमंत्री ने दिया उचित कार्रवाई का आश्वासन
मुजफ्फरनगर/लखनऊ। मुजफ्फरनगर के पूर्व विधायक अशोक कंसल ने शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने जनपद की जनसमस्याओं और विभिन्न सामाजिक मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। भेंट के दौरान अशोक कंसल ने वैश्य समाज की भावनाओं का प्रतिनिधित्व करते हुए महाराजा अग्रसेन के जीवन परिचय को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने की पुरजोर मांग उठाई, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाया।
दंगा पीड़ित और अग्निकांड प्रभावितों के लिए मांगी मदद
ये भी पढ़ें मुजफ्फरनगर: मोरना PNB एटीएम चोरी के प्रयास का तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार, तमंचा और नगदी बरामदपूर्व विधायक ने वर्ष 2013 के दंगों का मुद्दा उठाते हुए ग्राम पंचायत चांदपुर (सदर ब्लॉक) के लापता चंद्र प्रकाश शर्मा के परिवार को आर्थिक मुआवजा दिलाने और उनके पुत्र को चतुर्थ श्रेणी की सरकारी नौकरी प्रदान करने का अनुरोध किया। इसके साथ ही, उन्होंने पुरुषार्थी मंदिर वाली गली निवासी पुष्पेंद्र कुमार के घर में 14 दिसंबर 2025 को हुए भीषण अग्निकांड का जिक्र करते हुए परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के मद्देनजर विशेष सहायता राशि उपलब्ध कराने की मांग की।
मंदिरों की बिजली मुफ्त करने और मार्ग निर्माण का प्रस्ताव
अशोक कंसल ने प्रदेश के सभी मंदिरों की बिजली व्यवस्था को निशुल्क किए जाने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने पचेण्डा रोड स्थित सालासर बालाजी मंदिर से गौरी शंकर मंदिर तक जाने वाले 185 मीटर कच्चे मार्ग के पक्कीकरण का आग्रह करते हुए बताया कि खराब रास्ते के कारण श्रद्धालुओं को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ता है।
गौशालाओं के लिए गोचर भूमि को कब्जामुक्त करने की मांग
प्रतिनिधिमंडल में शामिल स्वामी रविंद्र प्रताप (अध्यक्ष, गायत्री योग चेतना केंद्र) ने मेरठ, मुजफ्फरनगर और बागपत में संचालित गौशालाओं का उल्लेख करते हुए मांग की कि आसपास की गोचर और चारागाह भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया जाए। उन्होंने इन जमीनों को गौशाला सोसायटियों को अनुबंधित करने का सुझाव दिया ताकि निराश्रित गोवंश का बेहतर संरक्षण हो सके। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्यवाही के निर्देश देने का आश्वासन दिया।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुज़फ्फरनगर के वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप त्यागी पिछले दो दशकों (20 वर्ष) से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक अटूट और विश्वसनीय स्तंभ हैं। दो दशकों के अपने इस लंबे सफर में आपने मुज़फ्फरनगर की हर छोटी-बड़ी राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक हलचल को बेहद करीब से देखा और अपनी लेखनी से जनता की आवाज़ बुलंद की है। वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में जिला प्रभारी की ज़िम्मेदारी निभा रहे श्री त्यागी अपनी ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए पूरे जिले में पहचाने जाते हैं। जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 9027803022 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां