बिजनौर में मतदाता पुनरीक्षण के लिए 22 फरवरी को विशेष अभियान दिवस, सभी बूथों पर तैनात रहेंगे बीएलओ
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक; अब तक आए 1.04 लाख से अधिक नए आवेदन, पात्र युवा बनवाएं अपना वोट
बिजनौर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद के सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 22 फरवरी 2026 (रविवार) को पूरे जनपद में 'विशेष अभियान दिवस' का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर इस अभियान की रूपरेखा साझा की और इसे सफल बनाने की अपील की।
जिलाधिकारी ने बताया कि रविवार को आयोजित होने वाले इस विशेष अभियान के तहत सभी मतदान स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) सुबह 10:30 बजे से दोपहर 01:30 बजे तक अनिवार्य रूप से मौजूद रहेंगे। इस दौरान बीएलओ द्वारा मतदाता सूची में नाम जोड़ने (फॉर्म-6), नाम हटाने (फॉर्म-7) और संशोधन (फॉर्म-8) से संबंधित दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस अभियान का मुख्य फोकस उन युवाओं पर है जो 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं।
अब तक प्राप्त हुए 1.40 लाख से अधिक आवेदन
बैठक के दौरान आंकड़ों की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत अब तक जनपद में नए पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 के 1,04,035 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इसके अलावा नाम कटवाने के लिए 3,111 और मतदाता विवरण में त्रुटि सुधार के लिए 36,373 आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन सभी आवेदनों की नियमानुसार जांच कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि निर्वाचन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सटीक रहे।
राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील
डीएम जसजीत कौर ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपने बूथ लेवल अभिकर्ताओं (BLA) को सक्रिय करें और पात्र युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची ही लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई है कि विशेष अभियान दिवस पर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन करना होगा।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
अभिषेक भारद्वाज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 11 वर्षों से मुरादाबाद मंडल की पत्रकारिता का व्यापक अनुभव है। वे मुरादाबाद के प्रतिष्ठित एसएस न्यूज़ चैनल में संपादकीय प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर चुके हैं। मुरादाबाद की राजनीतिक, सामाजिक और स्थानीय खबरों पर उनकी गहरी पकड़ है। वर्तमान में वे रॉयल बुलेटिन के मुरादाबाद जिला प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां