मुजफ्फरनगर में 24 बीघा तालाब की जमीन पर भू-माफिया का कब्जा, तहसीलदार भी 'कब्जे' की साजिश में शामिल ?
पुरकाजी के गांव फलौदा में खसरा संख्या 202 को लेकर भारी हंगामा; शिकायतकर्ता का आरोप- "तहसीलदार बोले- घर बैठो, रिपोर्ट तो हम ही लगाएंगे"
मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना पुरकाजी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव फलौदा में सरकारी तालाब की भूमि पर अवैध कब्जे का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। गांव के ही एक जागरूक नागरिक मुकेश त्यागी ने आरोप लगाया है कि खसरा संख्या 202 स्थित लगभग 24 बीघा तालाब की कीमती जमीन पर भू-माफिया राकेश कुमार ने अवैध कब्जा कर लिया है और वहां धड़ल्ले से भवन निर्माण किया जा रहा है। मामला तब और गंभीर हो गया जब शिकायतकर्ता ने तहसील प्रशासन पर ही भू-माफिया को संरक्षण देने और शिकायत वापस लेने के लिए डराने-धमकाने का संगीन आरोप जड़ दिया।
शिकायतकर्ता मुकेश त्यागी पुत्र स्व. मेवाराम त्यागी के अनुसार, उन्होंने इस महाघोटाले की लिखित शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रमुख सचिव, एनजीटी (NGT) और जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर को भेजी है। आरोप है कि शनिवार को जब तहसीलदार सदर अपनी टीम के साथ मौके पर जांच करने पहुँचे, तो उन्होंने शिकायत का समाधान करने के बजाय शिकायतकर्ता पर ही दबाव बनाना शुरू कर दिया। मुकेश त्यागी का दावा है कि तहसीलदार ने उन्हें 'घर बैठने' की सलाह दी और दो-टूक कहा कि "जांच रिपोर्ट तो संबंधित अधिकारी ही लगाएंगे, आपको जहाँ जाना है चले जाओ।"
सैकड़ों ग्रामीणों के सामने गर्माया माहौल
मौके पर तहसीलदार की मौजूदगी के दौरान भारी संख्या में ग्रामीण भी एकत्र हो गए, जिससे माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि जल संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण तालाब की भूमि को खुर्द-बुर्द किया जा रहा है और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। शिकायतकर्ता ने स्पष्ट किया कि वह प्रशासनिक दबाव में पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने ऐलान किया है कि यदि स्थानीय स्तर पर न्याय नहीं मिला, तो वह मुख्यमंत्री दरबार से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक इस मामले को ले जाएंगे।
प्रशासनिक पक्ष का इंतजार
फिलहाल इस पूरे प्रकरण में तहसीलदार या उच्चाधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। तालाबों और सार्वजनिक संपत्तियों को भू-माफिया से मुक्त कराने के मुख्यमंत्री के कड़े निर्देशों के बावजूद, मुजफ्फरनगर में इस तरह के आरोप प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर बड़े सवालिया निशान खड़े कर रहे हैं। यदि मुकेश त्यागी द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह सरकारी संपत्ति के संरक्षण में गंभीर लापरवाही का मामला माना जाएगा।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुज़फ्फरनगर के वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप त्यागी पिछले दो दशकों (20 वर्ष) से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक अटूट और विश्वसनीय स्तंभ हैं। दो दशकों के अपने इस लंबे सफर में आपने मुज़फ्फरनगर की हर छोटी-बड़ी राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक हलचल को बेहद करीब से देखा और अपनी लेखनी से जनता की आवाज़ बुलंद की है। वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में जिला प्रभारी की ज़िम्मेदारी निभा रहे श्री त्यागी अपनी ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए पूरे जिले में पहचाने जाते हैं। जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 9027803022 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां