अमरोहा: जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण से हड़कंप, सरकारी फाइलें गायब मिलने पर जेई और क्लर्क के खिलाफ FIR के निर्देश
विनियमित क्षेत्र कार्यालय में मिलीं भारी अनियमितताएं; जेई भानु प्रताप के घर पर मिली सरकारी फाइल, सीसीटीवी कैमरे भी मिले बंद
अमरोहा। जनपद में प्रशासनिक भ्रष्टाचार और लापरवाही के खिलाफ जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स का कड़ा रुख जारी है। शनिवार को लगातार दूसरे दिन जिलाधिकारी ने सदर तहसील स्थित विनियमित क्षेत्र कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यालय में मची अव्यवस्था और महत्वपूर्ण फाइलों के गायब होने की घटना ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। डीएम ने इसे अक्षम्य लापरवाही मानते हुए तत्काल प्रभाव से जेई भानु प्रताप और क्लर्क आशीष यादव के विरुद्ध एफआईआर (FIR) दर्ज कराने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी उस समय हतप्रभ रह गईं जब रिकॉर्ड रूम से तीन महत्वपूर्ण फाइलें गायब मिलीं। जांच को आगे बढ़ाने पर पता चला कि एक अन्य महत्वपूर्ण फाइल जेई भानु प्रताप अपने घर ले गए थे। सरकारी रिकॉर्ड को कार्यालय से बाहर निजी आवास पर रखना नियमों का घोर उल्लंघन माना गया। इसके अतिरिक्त, कार्यालय के सीसीटीवी कैमरे भी बंद पाए गए, जिससे स्पष्ट हुआ कि यहाँ जानबूझकर निगरानी व्यवस्था को ठप किया गया था।
नोटिस तामील में खेल और अधूरे रिकॉर्ड पर भड़कीं डीएम
डीएम निधि गुप्ता वत्स ने पाया कि नोटिस भेजने के बाद अनुस्मारक (Reminder) नहीं भेजे गए और मौके के सत्यापन की फोटो भी फाइलों में संलग्न नहीं थी। उन्होंने क्लर्क आशीष यादव को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि कार्यों की निगरानी न करना और अपने दायित्वों के प्रति सजग न रहना भ्रष्टाचार को बढ़ावा देना है। डीएम ने उपजिलाधिकारी (SDM) कार्यालय की कार्यप्रणाली पर भी असंतोष व्यक्त किया और कार्यालय पर उचित नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भ्रष्टाचारियों की अब खैर नहीं
जिलाधिकारी ने स्पष्ट संदेश दिया कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता और ईमानदारी से कार्य करना होगा। फाइलों के गायब होने और अधूरे रिकॉर्ड को उन्होंने गंभीर प्रशासनिक अनियमितता माना है। डीएम की इस कार्रवाई से पूरे तहसील परिसर में हड़कंप मचा हुआ है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति होने पर सीधे विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
अभिषेक भारद्वाज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 11 वर्षों से मुरादाबाद मंडल की पत्रकारिता का व्यापक अनुभव है। वे मुरादाबाद के प्रतिष्ठित एसएस न्यूज़ चैनल में संपादकीय प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर चुके हैं। मुरादाबाद की राजनीतिक, सामाजिक और स्थानीय खबरों पर उनकी गहरी पकड़ है। वर्तमान में वे रॉयल बुलेटिन के मुरादाबाद जिला प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां