नोएडा । ग्रेटर नोएडा में थाना बिसरख क्षेत्र के चिपियाना गांव से 18 फरवरी को लापता हुए 5 वर्षीय बच्चे का शव सोमवार को गांव के कुत्ते वाले मंदिर के तालाब में मिला है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजकर मामले की जांच पड़ताल कर रही है। वहीं बच्चे का शव मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौर गई।
थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि चिपियाना गांव में रहने वाला ईशु पुत्र चंद्रपाल उम्र 5 वर्ष 18 फरवरी को खेलते हुए घर से लापता हो गया था। उन्होंने बताया कि इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस बच्चे की तलाश कर रही थी। उन्होंने बताया कि इसी बीच कुत्ते वाले मंदिर के सामने वाले तालाब में एक बच्चे का शव मिला है। जिसकी पहचान ईशु पुत्र इंद्रपाल के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि बच्चा खेलते हुए तालाब में गिर गया और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अभी किसी प्रकार से अपराध का होना नहीं पाया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा शव का पंचायतनामा की कार्यवाही करते हुए, शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। मौके पर शांति व्यवस्था स्थापित है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
टिप्पणियां