नोएडा। जनपद गौतमबुद्व नगर पुलिस कमिश्नरेट के थाना रबूपुरा पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात को चेकिंग के दौरान मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हुआ है। दूसरे बदमाश को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार दोनों बदमाश गौकशी के मामले में वांछित अपराधी है।
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार ने बताया कि एक सूचना के आधार पर देर रात को थाना रबूपुरा पुलिस द्वारा करौली अंडरपास के पास बैरियर लगाकर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार 2 व्यक्तियों को पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किया गया, जिस पर मोटरसाइकिल सवार बदमाश पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने लगे।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम द्वारा पीछा करते हुए आत्मरक्षार्थ की गयी जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। जिसकी पहचान सलमान पुत्र बुखारी निवासी मौहल्ला आरापुरी, थाना कैराना, जिला शामली के रुप में हुयी है। अभियुक्त के दूसरे साथी असलम पुत्र अकबर निवासी ग्राम रोहिन्दा, थाना अरनिया, जिला बुलन्दशहर को कॉबिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि अभियुक्तों के कब्जे से 2 अवैध तमंचे मय 2 जिंदा कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल (बिना नम्बर प्लेट) व गौवध के लिए रखे उपकरण (2 रस्सी, 2 चाकू, 1 सिरिंज, इंजेक्शन की शीशी एवं 2 खाली प्लास्टिक के कट्टे) बरामद किए गए हैं।
एडीसीपी ने बताया कि अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी है, जो थाना रबूपुरा पर पंजीकृत मुकदमे गौवध निवारण अधिनियम में वांछित चल रहे थे। उन्होंने बताया कि घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। अभियुक्तों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।
टिप्पणियां