नोएडा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। जहां थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में स्थित सेक्टर-82 कट के पास तीन गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इस टक्कर में एक महिला की मौत हो गई है, जबकि 4 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर वाहनों को मार्ग से हटाकर यातायात सामान्य कराया है और मामले में आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।
जानकारी के अनुसार नोएडा में तेज रफ्तार और असावधानी एक बार फिर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर काल बन कर टूटी। सेक्टर-82 कट के पास एक स्कॉर्पियो और दो ईको कारों की भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-39 थाने की पुलिस मौके पर पहुँची और घायल आशा देवी, राजाराम, रीना, श्रीपाल, रवि को अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान 55 वर्षीय आशा देवी की मृत्यु हो गई है । सभी घायल बदायूं जिले के ग्राम रिसौली के रहने वाले हैं।
थाना सेक्टर-39 प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को अपने कब्जे में ले लिया है। हादसे मे घायल स्कॉर्पियो चालक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने वाहनों को मार्ग से हटाकर यातायात सामान्य कराया है और मामले में आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।
टिप्पणियां