मुजफ्फरनगर: अखिल भारतीय वैश्य महासंगठन की जिला कार्यकारिणी घोषित
मुजफ्फरनगर। जनपद में अखिल भारतीय वैश्य महासंगठन की नवीन जिला कार्यकारिणी की घोषणा के साथ ही संगठन को नई मजबूती देने की कवायद शुरू हो गई है। वैश्य समाज को एकजुट करने और व्यापारियों की समस्याओं को प्रखरता से उठाने के उद्देश्य से आयोजित इस बैठक में पदाधिकारियों ने समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष अंकुर मित्तल, राष्ट्रीय महामंत्री व पश्चिमी यूपी प्रभारी प्रिंस कंसल और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष हृदेश मित्तल मुख्य रूप से शामिल हुए। संगठन के शीर्ष नेतृत्व ने कपिल कुमार गुप्ता एडवोकेट को जिलाध्यक्ष और हरीश गुप्ता को वरिष्ठ जिला महामंत्री नियुक्त किया है। जिलाध्यक्ष कपिल गुप्ता ने नई कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए स्पष्ट किया कि इस टीम में समाजसेवियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं ताकि सामाजिक कार्यों में संगठन की भागीदारी बढ़ाई जा सके।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष अंकुर मित्तल ने समाज के लोगों को राजनीति में सक्रिय होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वैश्य समाज का विधायक तभी बन सकता है जब समाज के लोग शोषितों के लिए खड़े हों और जनता में अपनी पैठ बनाएं। उन्होंने समाज को संदेश दिया कि आगामी चुनावों के लिए सभी मतभेद भुलाकर एकजुट हों और एक प्रत्याशी तय कर उसे भारी मतों से लड़ाएं। मित्तल ने एक अनोखा सुझाव देते हुए कहा कि वैश्य समाज के हर घर में एक राजनीतिक गोलक होनी चाहिए, जिसमें किया गया अंशदान भविष्य में राजनीतिक कार्यों और समाज की मजबूती के काम आए।
पश्चिमी यूपी प्रभारी प्रिंस कंसल ने समाज की एकता पर बल देते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में वैश्य समाज को जातियों में बंटने के बजाय एक समन्वित ताकत के रूप में उभरने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बिखराव को छोड़कर जब हम कमजोर व्यक्ति को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे, तभी अपने अधिकारों की लड़ाई जीत पाएंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पंकज महेश्वरी एवं किशोर कुमार गोयल ने संयुक्त रूप से की, जबकि सफल संचालन हरीश गुप्ता और मनीष बंसल द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला कार्यकारिणी द्वारा मुख्य अतिथियों का पगड़ी और पटका पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम के समापन पर संरक्षक गणों ने मुख्य अतिथियों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। बैठक में मनीष बंसल, विजय कुमार, सुमित मित्तल, पूजा गोयल, नीति सिंघल, रोहित गुप्ता, रोहित जैन सहित समाज के दर्जनों गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुजफ्फरनगर की जमीनी हकीकत, राजनीति और क्राइम से जुड़ी हर खबर को वीडियो रिपोर्टिंग के जरिए बेबाकी से पहुँचाने वाले इस्तेखार अब्बासी पिछले 3 वर्षों से रॉयल बुलेटिन परिवार का हिस्सा हैं। BJMC डिग्री धारक इस्तेखार ने अपनी सधी हुई रिपोर्टिंग और खबरों की गहरी समझ से जिले में एक खास पहचान बनाई है।
मुजफ्फरनगर से जुड़ी खबरों और सुझावों के लिए इनसे संपर्क करें: 📞 मोबाइल: 8266055143

टिप्पणियां