मोरना में अनियंत्रित कार सैलून में घुसी, शटर और दीवार तोड़कर भीतर पहुंची; बड़ा हादसा टला, दुकान में रखा कीमती सामान चकनाचूर
मोरना। भोपा थाना क्षेत्र के मोरना कस्बे में शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक सैलून में जा घुसी। गनीमत यह रही कि हादसा रात के समय हुआ और दुकान बंद थी, अन्यथा कोई बड़ी जनहानि हो सकती थी। पुलिस चौकी के ठीक सामने हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, मोरना पुलिस चौकी के पास समीर नामक युवक की बाल कटिंग की दुकान (सैलून) है। शुक्रवार रात करीब 11 बजे, जब समीर दुकान बंद कर अपने घर जा चुका था, तभी सड़क से गुजर रही एक कार अत्यधिक गति के कारण अनियंत्रित हो गई। कार इतनी तेजी से दुकान की ओर मुड़ी कि शटर को उखाड़ते हुए और दीवार को तोड़ती हुई सीधे सैलून के भीतर जा घुसी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि सैलून के भीतर रखीं कीमती कुर्सियां, बड़े शीशे और श्रृंगार का सारा सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। भारी भीड़ जमा होते देख कार चालक भी सहम गया।
सैलून मालिक समीर ने बताया कि कार चालक निकटवर्ती गांव छछरौली का निवासी है। गनीमत रही कि उस समय दुकान में कोई मौजूद नहीं था। पीड़ित के अनुसार, कार चालक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए दुकान में हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई करने का आश्वासन दिया है। पुलिस चौकी के बिल्कुल बराबर में हुए इस हादसे ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकार नरेंद्र बालियान पिछले 6 वर्षों से मुज़फ्फरनगर के भोपा, मोरना और ककरौली क्षेत्र में 'रॉयल बुलेटिन' के प्रतिनिधि के रूप में निरंतर सक्रिय हैं। क्षेत्र की भौगोलिक और सामाजिक स्थितियों की गहरी समझ रखने वाले नरेंद्र बालियान ग्रामीण समस्याओं और विकास कार्यों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। पिछले 6 सालों में उन्होंने अपनी निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से भोपा-मोरना क्षेत्र की जनता और प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य किया है। क्षेत्र की खबरों और सूचनाओं के लिए आप उनसे मोबाइल नंबर 7906131417 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां