होली पर मुरादाबाद पुलिस का 'एक्शन प्लान': ग्रामीण क्षेत्रों में फ्लैग मार्च और होलिका दहन स्थलों का कड़ा पहरा
मुरादाबाद। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए मुरादाबाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के कुशल निर्देशन में ग्रामीण क्षेत्रों की कानून व्यवस्था को अभेद्य बनाने की कवायद शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश और क्षेत्राधिकारी बिलारी ने थाना मैनाठेर क्षेत्र के विभिन्न गांवों का सघन दौरा कर सुरक्षा इंतजामों की जमीनी हकीकत परखी।
अधिकारियों ने क्षेत्र के प्रमुख होलिका दहन स्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान एसपी ग्रामीण ने मातहतों को स्पष्ट निर्देश दिए कि होलिका दहन के समय किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या आपसी विवाद की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया। एसपी ग्रामीण कुंवर आकाश ने अपील करते हुए कहा कि होली का त्योहार आपसी भाईचारे और प्रेम का प्रतीक है, इसे सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण और अग्नि सुरक्षा पर विशेष जोर दिया है। सभी थाना क्षेत्रों में लगातार गश्त और फ्लैग मार्च के जरिए आमजन में सुरक्षा का भाव पैदा किया जा रहा है। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
अभिषेक भारद्वाज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 11 वर्षों से मुरादाबाद मंडल की पत्रकारिता का व्यापक अनुभव है। वे मुरादाबाद के प्रतिष्ठित एसएस न्यूज़ चैनल में संपादकीय प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर चुके हैं। मुरादाबाद की राजनीतिक, सामाजिक और स्थानीय खबरों पर उनकी गहरी पकड़ है। वर्तमान में वे रॉयल बुलेटिन के मुरादाबाद जिला प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां