होली और रमजान से पहले गरीबों को मिला अपना आशियाना, मंत्री कपिल देव ने सौंपी 224 आवासों की चाबियां
मुजफ्फरनगर। जनपद के आर्थिक रूप से कमजोर 209 परिवारों के लिए शनिवार का दिन उनके जीवन की सबसे बड़ी खुशियां लेकर आया। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत अपने पक्के घर का सपना आखिरकार साकार हो गया। मेरठ रोड स्थित मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए) कार्यालय परिसर में आयोजित एक गरिमामय समारोह में लाभार्थियों को उनके नए घरों की चाबियां सौंपी गईं। आगामी होली और रमजान के त्योहारों से ठीक पहले मिली इस सौगात ने गरीब परिवारों के उत्साह को दोगुना कर दिया है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने पात्र लाभार्थियों को चाबियां वितरित कीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सम्मानजनक और सुरक्षित छत उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य हर जरूरतमंद को घर देना है, जिससे उनके जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आ सके।
एमडीए सचिव कुंवर बहादुर सिंह ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि भोपा रोड बाईपास चौराहे के पास लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से 224 आधुनिक भवनों का निर्माण कराया गया है। इन आवासों के आवंटन हेतु 11 मार्च 2024 को पारदर्शी तरीके से ड्रा निकाला गया था। शनिवार को इसी प्रक्रिया के तहत चयनित 209 लाभार्थियों को उनके फ्लैट्स की चाबियां सौंपी गईं। एमडीए उपाध्यक्ष कविता मीणा ने बताया कि प्राधिकरण जनकल्याणकारी नीतियों को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस गौरवशाली क्षण के दौरान प्राधिकरण बोर्ड के नामित सदस्य शरद शर्मा, गजे सिंह, प्रमुख उद्योगपति कुशपुरी, योगेश बालियान और अधिशासी अभियंता विनीत अग्रवाल सहित भारी संख्या में लाभार्थी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। अपना घर मिलने की खुशी लाभार्थियों की आंखों में साफ झलक रही थी।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुजफ्फरनगर की जमीनी हकीकत, राजनीति और क्राइम से जुड़ी हर खबर को वीडियो रिपोर्टिंग के जरिए बेबाकी से पहुँचाने वाले इस्तेखार अब्बासी पिछले 3 वर्षों से रॉयल बुलेटिन परिवार का हिस्सा हैं। BJMC डिग्री धारक इस्तेखार ने अपनी सधी हुई रिपोर्टिंग और खबरों की गहरी समझ से जिले में एक खास पहचान बनाई है।
मुजफ्फरनगर से जुड़ी खबरों और सुझावों के लिए इनसे संपर्क करें: 📞 मोबाइल: 8266055143

टिप्पणियां