मुजफ्फरनगर प्रीमियर लीग का भव्य शुभारम्भ 23 फरवरी को, 12 टीमें करेंगी मुकाबला
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित मुजफ्फरनगर प्रीमियर लीग एमपीएल 2026 का भव्य शुभारम्भ 23 फरवरी को चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम के मैदान पर रंगारंग कार्यक्रम के साथ होगा। मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार, डीआईजी अभिषेक सिंह, प्रदेश के पूर्व डीजीपी डॉ देवेंद्र सिंह चौहान के अलावा जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं एसएसपी संजय कुमार वर्मा उद्घाटन समारोह में अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
मुजफ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन के चेयरमैन भीम कंसल और सचिव मनोज पुंडीर समेत अन्य पदाधिकारियों ने यहां आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि इस बार एमपीएल-2 में कुल 12 टीमें भाग ले रही हैं। प्रत्येक टीम में 15 खिलाड़ी, एक कोच तथा सहयोगी स्टाफ शामिल है। लीग में कुल 33 मुकाबले खेले जाएंगे और प्रतिदिन दो मैच आयोजित किए जाएंगे। दो ग्रुपों में विभाजित ग्रुप की दो विजेता टीम सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी और लीग का फाइनल 13 मार्च को खेला जाएगा।
इस क्रिकेट लीग का सीधा प्रसारण वैश्विक स्तर पर स्टे स्पोर्ट्स चैनल पर किया जाएगा। इसके लिए स्टेडियम में विशेष प्रसारण व्यवस्था स्थापित की गई है। साथ ही सभी मैचों में टीवी अंपायर की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिससे नजदीकी और विवादित फैसलों का त्वरित एवं सटीक निर्णय लिया जा सके। खिलाड़ी भी स्टंपिंग और रन आउट पर रिव्यू ले सकते हैं। मैच कार्यक्रम के अनुसार 12 मार्च को दोनों सेमी फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि 13 मार्च को फाइनल मैच आयोजित होगा। होली के पर्व के अवसर पर कोई मैच निर्धारित नहीं किया गया है।
उन्होंने बताया कि लीग की पिच को बेहतर बनाने के लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम में संयुक्त सचिव ओमदेव सिंह के निर्देशन में विशेष तैयारी की गई है, ताकि खिलाड़ियों को अनुकूल खेल सतह मिल सके। लीग के ब्रांड एंबेसडर के रूप में पूर्व भारतीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर प्रवीण कुमार और क्रिकेटर भुवनेश्वर कुमार जुड़े हुए हैं। वहीं सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों में अंपायरिंग की जिम्मेदारी अंतरराष्ट्रीय अंपायर अनिल चौधरी निभाएंगे। स्कोरर के रूप में अपूर्व यादव और हरीश चौहान को नियुक्त किया गया है, जबकि एंटी करप्शन अधिकारी के रूप में शुचि कौशिक,लव गर्ग की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि इस बार लीग में पुरस्कार राशि भी आकर्षण का केंद्र है। फाइनल में विजेता और उपविजेता टीम को 2 लाख 50 हजार रुपए की नकद राशि कुल मिलाकर प्रदान की जाएगी। प्रत्येक मैच में मैन ऑफ द मैच को 21 सौ रुपए और फिल्डर ऑफ द मैच को 11सौ रुपए का नकद का पुरस्कार दिया जाएगा। फाइनल में मैन ऑफ द मैच को 5 हजार एक रुपए की विशेष पुरस्कार राशि मिलेगी, जबकि बेस्ट बैट्समैन और बेस्ट बॉलर को 5 -5 हजार रुपए से सम्मानित किया जाएगा। उद्घाटन और फाइनल मुकाबलों में चौकों-छक्कों पर डीजे की धुन पर टीमों का उत्साहवर्धन भी किया जाएगा। इस बार टीमों की संख्या को बढ़ाकर 12 किया गया है, इनमें बिन्दल स्ट्राइकर्स, वॉरियर्स टिहरी फाल्कंस, देवभूमि रॉयल्स, अम्बा वॉरियर्स, वसुंधरा सुपरकिंग्स, क्रिस्टल बालाजी टाइटंस, सिल्वरटोन पैंथर्स, सिल्वरटोन टाइगर्स आदि शामिल हैं। यह लीग जिले की उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। लीग में शामली और सहारनपुर के प्रतिभावान खिलाड़ियों को भी विभिन्न टीमों में शामिल किया गया है। जिससे प्रतियोगिता के और भी रोमांचक होने की उम्मीद है। इस अवसर पर मुख्य रूप से अध्यक्ष भूपेन्द्र यादव, कुशलपाल सिंह, इन्दर माथुर, प्रवीण मलिक, योगेन्द्र मलिक, संजय शर्मा, ओमदेव सिंह, रोहित चौधरी, अजय जैन, अरविंद भारद्वाज, शिरीष वर्मा और आशीष भटनागर आदि मौजूद रहे।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुज़फ्फरनगर के वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप त्यागी पिछले दो दशकों (20 वर्ष) से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक अटूट और विश्वसनीय स्तंभ हैं। दो दशकों के अपने इस लंबे सफर में आपने मुज़फ्फरनगर की हर छोटी-बड़ी राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक हलचल को बेहद करीब से देखा और अपनी लेखनी से जनता की आवाज़ बुलंद की है। वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में जिला प्रभारी की ज़िम्मेदारी निभा रहे श्री त्यागी अपनी ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए पूरे जिले में पहचाने जाते हैं। जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 9027803022 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां