नोएडा। जनपद गौतमबुद्व नगर पुलिस कमिश्नरेट के नोएडा क्षेत्र में यातायात पुलिस ने यातायात के अलग-अलग नियमों का उल्लंघन करने पर शनिवार को 6 हजार से ज्यादा वाहनों का चालान किया। वहीं दस्तावेज नहीं होने पर 9 वाहनों को सीज किया। इस दौरान पुलिस ने छात्रों और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की नसीहतें व सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा का पाठ भी पढ़ाया।
गौतमबुद्धनगर की पुलिस आयुक्त के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त यातायात के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस द्वारा आज मैनुअल 2073 चालान एवं आईएसटीएमएस कैमरों की मदद से 4511 वाहनों के कुल 6584 ई–चालान की कार्यवाही की गई। बगैर हेलमेट–2149, ओवर स्पीड–263 वाहनों के विरुद्ध ई-चालान की कार्यवाही की गई। इसके अलावा 9 वाहन सीज किए गए। वहीं विपरीत दिशा में वाहन दौैड़ाने वाले 453 चालकोंं के चालान हुए।
पुलिस उपायुक्त यातायात ने बताया कि शनिवार को चलाये गए विशेष अभियान के दौरान सांई वंदना पब्लिक स्कूल गांव रसूलपुर नवादा सेक्टर–62 में छात्रों व अन्य वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा के विषय एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान बताया गया कि गति अधिक होने, लापरवाही और हेलमेट न पहनने के कारण प्रतिवर्ष अनेक दुर्घटनाएं होती हैं, जो परिवारों के जीवन को प्रभावित करती हैं। उन्होंने कहा कि जीवन अमूल्य है, और सड़क पर जिम्मेदारी ही सुरक्षा का आधार है। सुरक्षित यातायात केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने छात्रों से कहा कि सड़क सुरक्षा तभी सफल होगी जब नागरिक स्वयं नियमों को अपनी आदत बनाएंगे और दूसरों को भी प्रेरित करेंगे। इस दौरान यातायात नियमों का पालन करने की उपस्थित लोगों को संबंधित पंपलेट वितरित कर शपथ भी दिलाई गई। तथा जनपदवासियों से अपील की गई कि यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें और अपने परिवार के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करें। अनुशासन और सतर्कता ही सड़क सुरक्षा की कुंजी है।
टिप्पणियां