नोएडा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की बेटी की गलत फोटो सोशल मीडिया पर चलाने के मामले में गौतम बुद्ध नगर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष की शिकायत पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के थाना सूरजपुर में मुकदमा दर्ज हुआ है। कोर्ट के आदेश पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गौतमबुद्ध नगर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज भाटी (बोड़ाकी) ने बताया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी की गलत फोटो बनाकर इंडियन स्टोरी नामक एक्स पर व फेसबुक पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपलोड किया गया। इस सोशल अकाउंट पर 100 से ज्यादा लोगों द्वारा भद्दे व आपत्तिजनक टिप्पणी व कमेंट किया गया, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को आघात पहुंचा। उन्होंने बताया कि इस मामले में 30 दिसंबर को थाना सूरजपुर पुलिस से लिखित शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस उपायुक्त सेंट्रल जोन से भी एक जनवरी को मुलाकात की गई, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। उनके अनुसार इस मामले की रिपोर्ट दर्ज करने के लिए कोर्ट में आवेदन दिया गया था। उन्होंने बताया कि अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गौतम बुद्ध नगर के आदेश पर थाना सूरजपुर में 22 फरवरी को आईटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि इस मामले में थाना सूरजपुर पुलिस जांच कर रही है।
टिप्पणियां