मुजफ्फरनगर: आईजीआरएस और सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में बरती सख्ती, डीएम ने अधिकारियों को दी 'प्रतिकूल प्रविष्टि' की चेतावनी
खराब फीडबैक वाले अधिकारियों का रुकेगा वेतन; स्कूल बंदी की गलत जानकारी पर बीएसए और प्रगति न बताने पर गन्ना अधिकारी को नोटिस
मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने सोमवार को जिला पंचायत सभागार में आईजीआरएस पोर्टल और सीएम डैशबोर्ड की प्रगति की गहन समीक्षा की। बैठक के दौरान लापरवाही और शिकायतों के निस्तारण में ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों पर जिलाधिकारी का चाबुक चला। डीएम ने दो-टूक शब्दों में कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी नहीं बल्कि गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। बैठक में अनुपस्थित रहने वाले और खराब प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध 'प्रतिकूल प्रविष्टि' और वेतन रोकने जैसी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में विभागवार समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी उस समय भड़क गए जब जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) द्वारा स्कूल बंदी को लेकर सही जानकारी नहीं दी गई। डीएम ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, जिला गन्ना अधिकारी को आईजीआरएस की प्रगति की जानकारी न होने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए चेतावनी जारी की गई। मंडी सचिव खतौली द्वारा लक्ष्य के सापेक्ष कम वसूली पर उन्हें भी प्रतिकूल प्रविष्टि देने का आदेश दिया गया।
शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही निस्तारण का आधार
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने निर्देश दिया कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त संदर्भों का निस्तारण करते समय शिकायतकर्ता से दूरभाष पर वार्ता करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि 'सी' श्रेणी या असंतुष्ट फीडबैक वाले मामलों को तब तक बंद न माना जाए, जब तक शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट न हो जाए। खराब फीडबैक वाले मामलों में उन्होंने संबंधित अधिकारियों का वेतन रोकने की चेतावनी दी है। 25 फरवरी 2026 को सुबह 10 बजे खराब प्रगति वाले विभागों की दोबारा विशेष समीक्षा बैठक बुलाई गई है।
राजस्व वसूली और सीएम डैशबोर्ड पर जोर
सीएम डैशबोर्ड पर जिले की रैंकिंग सुधारने के लिए डीएम ने आबकारी, व्यापार कर, स्टाम्प, विद्युत और नगर निकाय सहित सभी राजस्व विभागों को शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी मामला 'डिफाल्टर' श्रेणी में नहीं जाना चाहिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार सहित सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुज़फ्फरनगर के वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप त्यागी पिछले दो दशकों (20 वर्ष) से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक अटूट और विश्वसनीय स्तंभ हैं। दो दशकों के अपने इस लंबे सफर में आपने मुज़फ्फरनगर की हर छोटी-बड़ी राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक हलचल को बेहद करीब से देखा और अपनी लेखनी से जनता की आवाज़ बुलंद की है। वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में जिला प्रभारी की ज़िम्मेदारी निभा रहे श्री त्यागी अपनी ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए पूरे जिले में पहचाने जाते हैं। जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 9027803022 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां