मीरापुर: शादी का जश्न पड़ा भारी, बैंकट हॉल में खाना खाने के बाद सैकड़ों मेहमानों की बिगड़ी तबीयत
पड़ाव चौक स्थित बैंकट हॉल की घटना; फूड प्वाइजनिंग से मची अफरा-तफरी, अस्पतालों में भर्ती हुए लोग
मीरापुर। क्षेत्र के पड़ाव चौक स्थित एक बैंकट हॉल में आयोजित शादी समारोह की खुशियां उस समय तनाव में बदल गईं, जब दावत खाने के बाद बड़ी संख्या में मेहमानों की तबीयत खराब होने लगी। भोजन करने के कुछ ही समय बाद मेहमानों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी, जिससे समारोह स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। प्राथमिक जांच में मामला 'फूड प्वाइजनिंग' का बताया जा रहा है।
सैकड़ों मेहमानों को हुई एक साथ शिकायत
ये भी पढ़ें बिजनौर में मतदाता पुनरीक्षण के लिए 22 फरवरी को विशेष अभियान दिवस, सभी बूथों पर तैनात रहेंगे बीएलओजानकारी के अनुसार, 19 फरवरी को आयोजित इस समारोह में सैकड़ों लोग शामिल हुए थे। जैसे ही मेहमानों ने भोजन ग्रहण किया, उसके कुछ ही घंटों बाद एक के बाद एक कई लोगों की हालत बिगड़ने लगी। देखते ही देखते दर्जनों मेहमान जमीन पर लेट गए और कई को चक्कर आने लगे। आनन-फानन में परिजनों ने बीमार लोगों को निजी क्लिनिकों और स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया। चिकित्सकों के मुताबिक, अधिकांश मरीजों में गंभीर फूड प्वाइजनिंग के लक्षण मिले हैं, हालांकि समय पर उपचार मिलने से सभी की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।
दूध-पनीर या मावे में मिलावट की आशंका
घटना को लेकर बैंकट हॉल और हलवाई के बीच चर्चाओं का बाजार गर्म है। खाना बनाने वाले हलवाई का तर्क है कि भोजन की शुद्धता का पूरा ध्यान रखा गया था, लेकिन संभवतः बाजार से खरीदे गए दूध, पनीर या मावे में पहले से ही मिलावट रही हो, जिसके कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई। वहीं, मेहमानों का आरोप है कि भोजन तैयार करने में भारी लापरवाही बरती गई है।
मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
त्योहारी सीजन से ठीक पहले हुई इस बड़ी घटना ने स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों में इस घटना को लेकर गहरा रोष व्याप्त है। लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में अवैध रूप से मावा और पनीर तैयार करने वाली इकाइयों पर तत्काल छापेमारी की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि चंद रुपयों के लालच में मिलावटखोर आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, जिनके खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
सक्रिय पत्रकार आफ़ताब आलम 'रॉयल बुलेटिन' के लिए मुज़फ्फरनगर के मीरापुर और रामराज क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। क्षेत्र की खबरों पर पैनी नजर रखने वाले आफ़ताब आलम स्थानीय मुद्दों, जन-समस्याओं और व्यापारिक हलचलों को पूरी निष्पक्षता के साथ प्रमुखता से उठाते हैं। पिछले लंबे समय से वे मीरापुर और रामराज क्षेत्र की जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयत्नशील हैं। क्षेत्र की खबरों और सूचनाओं के लिए आप उनसे मोबाइल नंबर 9319454764 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां