मंत्री के दावों की खुली पोल: अधूरे PM फ्लैट्स की थमा दी चाबियां, न बिजली, न पानी, कैसे मनेगी होली-ईद?
मुजफ्फरनगर। भोपा रोड स्थित मखियाली में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने 224 फ्लैट्स के आवंटन के बाद लाभार्थियों की खुशियां काफूर हो गई हैं। बीते शनिवार को प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने बड़े उत्साह के साथ लाभार्थियों को उनके सपनों के घर की चाबियां तो सौंप दीं, लेकिन जब लोग अपने आशियाने में पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर दंग रह गए। फ्लैट्स में न तो बिजली का कनेक्शन है, न पानी की सुविधा और न ही सुरक्षा के लिए खिड़कियों में शीशे लगे हैं।
हकीकत यह है कि निर्माणाधीन फ्लैट्स में टाइल्स, पत्थर और फर्श का काम अभी भी अधूरा पड़ा है। कई जगहों पर प्लास्टर टूटा हुआ है और खिड़कियों के लोहे के फ्रेम में जंग लग चुका है। लाभार्थियों का आरोप है कि निर्माण की गुणवत्ता बेहद घटिया है। गौरतलब है कि अगस्त 2025 में खुद मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने इन फ्लैट्स में घटिया सामग्री का इस्तेमाल पकड़ा था और ठेकेदार पर कार्रवाई की बात कही थी, लेकिन अब उसी स्थिति में चाबियां थमा दी गईं।
ये भी पढ़ें टैरिफ पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले से नाराज़ डोनाल्ड ट्रंप, बोले- व्यापार पूरी तरह बंद कर सकता हूंलाभार्थी प्रतिभा शर्मा, जिन्हें फ्लैट नंबर F-50 आवंटित हुआ है, ने बताया कि मंत्री जी ने कहा था कि इस बार की होली नए घर में मनेगी, लेकिन यहां तो खिड़कियां टूटी हुई हैं और बुनियादी सुविधाएं तक गायब हैं। ऐसे में गृह प्रवेश करना मुमकिन नहीं है। वहीं, मुस्लिम लाभार्थी अंजुम ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए कहा कि ईद सिर पर है, लेकिन बिजली-पानी के बिना घर में कदम रखना भी मुश्किल है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी जल्दबाजी में अधूरे फ्लैट्स का आवंटन क्यों किया गया?
दूसरी ओर, मौके पर काम कर रहे ठेकेदार के कर्मचारियों का कहना है कि फ्लैट्स को पूरी तरह तैयार कर हैंडओवर करने के लिए अभी उनके पास 40 दिन का समय बाकी है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर विभाग और मंत्री ने वाहवाही लूटने के चक्कर में समय से पहले ही चाबियां क्यों बांट दीं? बिना फिनिशिंग और सुविधाओं के थमाई गई ये चाबियां अब लाभार्थियों के लिए सिरदर्द बन गई हैं।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुजफ्फरनगर की जमीनी हकीकत, राजनीति और क्राइम से जुड़ी हर खबर को वीडियो रिपोर्टिंग के जरिए बेबाकी से पहुँचाने वाले इस्तेखार अब्बासी पिछले 3 वर्षों से रॉयल बुलेटिन परिवार का हिस्सा हैं। BJMC डिग्री धारक इस्तेखार ने अपनी सधी हुई रिपोर्टिंग और खबरों की गहरी समझ से जिले में एक खास पहचान बनाई है।
मुजफ्फरनगर से जुड़ी खबरों और सुझावों के लिए इनसे संपर्क करें: 📞 मोबाइल: 8266055143

टिप्पणियां