दबंगई का वीडियो वायरल: सहारनपुर में फाइनेंस कंपनी के मैनेजर को केबिन में घुसकर पीटा, भीम आर्मी नेता पर आरोप
सहारनपुर। थाना बेहट क्षेत्र के अंतर्गत एक फाइनेंस कंपनी की शाखा में घुसकर मैनेजर के साथ की गई मारपीट और लूटपाट का सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह हमलावर टेबल पर लात मारकर मैनेजर को थप्पड़ जड़ रहे हैं। इस मामले में खुद को भीम आर्मी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बताने वाले व्यक्ति समेत ८-१० अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
पूरी घटना २१ फरवरी सुबह करीब ११ बजे की है, जब जैड प्रथम प्राइवेट लिमिटेड (Z-1st Private Limited) की शाखा में कर्मचारी अपना काम कर रहे थे। शाखा प्रबंधक द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, किसी लोन धारक को फोन किए जाने के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ दफ्तर में दाखिल हुआ। सीसीटीवी कैमरों में कैद फुटेज में दिख रहा है कि आरोपी ने पहले मैनेजर के केबिन में घुसकर टेबल पर लात मारी और फिर ताबड़तोड़ कई थप्पड़ जड़ दिए। इस दौरान स्टाफ के अन्य सदस्यों के साथ भी धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की गई।
पीड़ित मैनेजर का आरोप है कि हमलावरों ने न केवल दफ्तर में तोड़फोड़ की और कर्मचारियों को डराया-धमकाया, बल्कि उनकी सोने की अंगूठी, गले की चेन और गल्ले में रखे ११ हजार रुपये भी छीन लिए। तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपियों ने 'सबक सिखाने' की धमकी देते हुए काफी देर तक वहां तांडव मचाया।
कोतवाली बेहट पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की जा रही है और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। दिनदहाड़े एक निजी वित्तीय संस्थान के भीतर हुई इस वारदात ने शहर के व्यापारियों और कर्मचारियों में असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
गौरव सिंघल सहारनपुर के एक अनुभवी और प्रतिष्ठित पत्रकार हैं, जो पिछले 18 वर्षों (2007 से) से मीडिया जगत में सक्रिय हैं। पत्रकारिता की बारीकियां उन्होंने विरासत में अपने पिता के मार्गदर्शन में 'अमर उजाला' और 'हिन्दुस्तान' जैसे संस्थानों से सीखीं।
अपने लंबे करियर में उन्होंने इंडिया टुडे (फोटो जर्नलिस्ट), शुक्रवार, इतवार, दैनिक संवाद और यूपी बुलेटिन जैसे दर्जनों प्रतिष्ठित समाचार पत्रों व पत्रिकाओं में अपनी सेवाएं दीं। लेखनी के साथ-साथ कुशल फोटो जर्नलिस्ट के रूप में भी उनकी विशिष्ट पहचान है।
विभिन्न राष्ट्रीय व क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में अनुभव प्राप्त करने के बाद, वर्तमान में गौरव सिंघल सहारनपुर से 'रॉयल बुलेटिन' के साथ जुड़कर अपनी निष्पक्ष और गहरी रिपोर्टिंग से संस्थान को मजबूती प्रदान कर रहे हैं।

टिप्पणियां